भरतकूप (चित्रकूट)। थाना क्षेत्र मड़फा के जंगल में मंगलवार को पेड़ से एक युवक का शव लटका मिला। वो दो दिन पहले घर से निकला था। सूचना पर पुलिस ने पहुंचकर जांच की। पास में मिली बाइक से युवक की पहचान बांदा जिले के कालिंजर थाना क्षेत्र निवासी के रूप में हुई।
कालिंजर थाना क्षेत्र के आनंदपुर साड़ा निवासी सुमित ने बताया कि उसका भाई अमित उर्फ छोटू (24) दो दिन पहले होली पर्व पर रिश्तेदारी में घूमने आया था, मंगलवार सुबह पुलिस से सूचना मिली कि उसके भाई ने नई रस्सी से पेड़ में फंदा लगाकर खुदकुशी कर ली है। भाई ने फंदा क्यों लगाया है कोई कारण समझ नहीं आ रहा है। बताया कि उसकी ही बाइक व मोबाइल लेकर भाई घर से आया था।
वह भाई व मां के साथ गुजरात में काम करता है। होली पर्व पर ही गांव आए थे। पिता का पहले मौत हो चुकी है। अपराध निरीक्षक अभयराज सिंह ने बताया कि सुबह प्रधान राजेश पटेल ने सूचना दी कि एक शव फंदे में लटक रहा है। फील्ड यूनिट टीम के साथ मौके पर पहुंचे और जांच की। घटना के संबंध में साक्ष्य जुटाए।