खोही (चित्रकूट)। नयागांव थाना क्षेत्र के कामतन मोहल्ले में गुरुवार की सुबह खून से लथपथ व्यापारी का शव छत पर मिला। पास में तमंचा भी पड़ा था। पुलिस का कहना है मामला आत्महत्या का लग रहा है। व्यापारी प्रापर्टी डीलर का भी काम करता था।
कामतन मोहल्ला निवासी राजू ने बताया कि गुरुवार की सुबह जब दुकान खोलने के लिए भाई राधाकृष्ण उर्फ लाला हलवाई (50) को जगाने छत पर गए तो छत पर खून से लथपथ उनका शव मिला। शोर मचाकर परिजनों को घटना की जानकारी दी। जानकारी मिलने पर थाना प्रभारी डीआर शर्मा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। परिजनों ने बताया कि कुछ दिन पहले लाला का अपहरण हो गया था।
इस मामले में परिजनों ने दो युवकों पर अपहरण का आरोप लगाकर शिकायत की थी। बाद में वह नाटकीय ढंग से वापस घर लौट आया था। पुलिस के सामने स्वीकार किया था कि उसका अपहरण नहीं हुआ था। वह कहीं चला गया था। थाना प्रभारी डीआर शर्मा ने बताया कि फोरेंसिक टीम के साथ साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। प्रथम दृष्टि में मामला आत्महत्या का लग रहा है।