चित्रकूट/मऊ। झांसी-मिर्जापुर राष्ट्रीय राजमार्ग के रैपुरा थाना क्षेत्र बगरेही के पास ट्रक व बाइक की टक्कर में मृत दो युवकों की पहचान 12 घंटे बाद हुई। दोनों दोस्त थे। गल्ला मंडी में धान बेचकर दोनों बाइक से गांव लौट रहे थे। मौत की खबर से पूरे गांव में मातम छाया रहा।
मऊ थाना क्षेत्र के पहाड़पुरवा निवासी किसान मनोज पटेल ने बताया कि उसका धान कर्वी गल्ला मंडी में बिकने गया था। उसका पुत्र ओमकार पटेल (20) बृहस्पतिवार को गांव के ही दोस्त गोलू उर्फ रजनीश पटेल (20) के साथ बाइक से गल्ला मंडी गए थे। रात लगभग 8ः30 बजे गांव लौटते समय हाईवे पर रैपुरा थाना क्षेत्र के बगरेही पहुंचे तो सामने से आए तेज गति से सीमेंट के खाली ट्रक ने बाइक पर टक्कर मार दी थी।
इसमें बाइक ट्रक के नीचे फंस गई और लगभग सौ मीटर तक आगे घसीटती चली गई थी। इसी दौरान बाइक व ट्रक में आग लग गई थी। दोनों वाहन पूरी तरह जल गए थे।एसपी अरुण कुमार, अपर एसपी सत्यपाल सिंह, सीओ मऊ मो.यामीन के साथ फायर बिग्रेड और रैपुरा मऊ थाने की पुलिस टीम मौके पर पहुंची थी। दोनों युवकों को एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाया था, जहां पर डॉक्टरों ने दोनों के मृत होने की पुष्टि की थी लेकिन इनकी शिनाख्त नहीं हो सकी थी।
शुक्रवार सुबह लगभग नौ बजे सूचना के बाद मऊ पहाड़पु़रवा के ग्रामीण जिला अस्पताल पहुंचे तो इनकी पहचान कपड़ों व चेहरा देखकर ओमकार व रजनीश के रूप में की। जानकारी के बाद पूरे गांव में मातम छा गया। ग्रामीण पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे और पीड़ित परिजनों को ढांढ़स बंधाया। पुलिस ने पंचमामा कर दोनों के शव पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंपा। परिजन दोनों शव का गांव ले जाकर अंतिम संस्कार कराया। थाना प्रभारी आशुतोष तिवारी ने बताया कि बाइक चालक हेलमेट नहीं पहने था।
-
कृषि कार्य में सहयोग के साथ पढ़ाई करते थे दोनों
चित्रकूट। मऊ के पहाड़पुरवा निवासी ओंंकार व रजनीश दोनों बीएससी में पढ़ते भी थे। वह दोनों परिजनों के कृषि कार्य में सहयोग भी करते थे। जब धान बेचने के लिए कर्वी जाने की बात आई तो रजनीश ही बाइक लेकर आया और ओंमकार से कहा चलो अब कर्वी धान बेचने चलते हैं। दोनों के परिजन भी उन्हें जाते देखा। उन्हें कतई अहसास नहीं था कि अब दोनों इस गांव में कभी नहीं लौटेंगे। ओंमकार चार भाई एक बहन में तीसरे नंबर का था। उसकी मां मुन्नी देवी व बहन का रो-रोकर बुरा हाल रहा। रजनीश उर्फ गोलू तो इकलौता पुत्र था। उसकी एक छोटी बहन है।
-
चेसिस नंबर से हुई पहचान
चित्रकूट। बृहस्पतिवार रात को हुए सड़क हादसे में दो युवक की मौत के बाद पुलिस व ग्रामीण पहचान के लिए बेचैन रहे। ट्रक नंबर से पुलिस को पता लगाया कि यह फतेहपुर का है। ट्रक मालिक को फोन कर पुलिस ने थाने में बुलाया। चालक व परिचालक को भी लाने के लिए निर्देश दिए। बाइक पूरी तरह जलने से शुक्रवार की सुबह पुलिस ने उसकी चेसिस नंबर से इसकी पहचान की। जो पहाड़पुरवा के रजनीश के परिजन की निकली। इसके बाद पुलिस ने गांव में सूचना भेजी और फिर दोनों शव की पहचान हो सकी। पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार सिंह ने बताया कि परिजनों की तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी। (संवाद)
-
फायर बिग्रेड के देरी से आने का आरोप
चित्रकूट। हाईवे पर बगरेही के पास दोनों वाहनों में आग लगने के बाद यातायात तो प्रभावित रहा, लेकिन आग से दोनों वाहन जल रहे थे। मौके पर मौजूद बगरेही के संतोष व चुनकावन ने बताया कि कई बार ग्रामीणों व पुलिस ने फायर बिग्रेड को फोन किया लेकिन एक घंटे बाद टीम पहुंची। फायर बिग्रेड की टीम ने आकर दोनों वाहनों में लगी आग पर काबू पाया। मौके पर मौजूद पुलिस व ग्रामीणों ने बताया कि ट्रक के नीचे बाइक घुसी थी, लेकिन बाइक सवार दूर जा गिरे थे। वह आग से नहीं झुलसे थे। पूरी संभावना है कि दोनों की मौके पर ही मौत हो गई थी। रैपुरा थाना प्रभारी के अनुसार बाइक जब घिसटती हुई ट्रक के बंफर में फंसी रही तो जमीन से रगड़ पर निकली चिंगारी से दोनों वाहन में आग लगी होगी। (संवाद)
05 सीकेटीपी-10- परिचय- ओंकार पटेल - फाइल फोटो-
05 सीकेटीपी-10- परिचय- ओंकार पटेल - फाइल फोटो-
05 सीकेटीपी-10- परिचय- ओंकार पटेल - फाइल फोटो-