सरैंया (चित्रकूट)। रैपुरा थाना क्षेत्र के अगरहुडा गांव में स्कूल प्रबंधक के भाई की हत्या मामले को लेकर गांव में स्थिति देर शाम तक तनावपूर्ण बनी है। पोस्टमार्टम के बाद शव का अंतिम संस्कार परिजनों ने नहीं किया है और अन्य परिजनों के आने का इंतजार कर रहे हैं। सुरक्षा के लिहाज से पूरे गांव को पुलिस छावनी बना दिया गया है। एक बटालियन पीएसी भी तैनात है। पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर आला कत्ल भी बरामद कर लिया है। तीन अन्य की तलाश जारी है।
अगरहुडा गांव निवासी प्राइवेट स्कूल महाराणा प्रताप प्राइमरी स्कूल के प्रबंधक धर्मराज सिंह के भाई अरविंद सिंह की बुधवार की सुबह गांव के बाहर रामगोविंद रैदास नामक युवक ने तीन अन्य साथियों के साथ मिलकर कुल्हाड़ी से मारकर हत्या कर दी थी। इसे लेकर मृतक के परिजनों में आक्रोश है कि सूचना के दो घंटे बाद पुलिस पहुंची इससे आरोपी आराम से हत्या कर भाग गये। जमीन के विवाद में हत्या की गई है। आरोपी गांव में नशे का कारोबार करते हैं इसे लेकर कई बार पुलिस से कहा गया लेकिन इन पर कोई कार्रवाई नहीं की गई। बुधवार को परिजनों की जिद पर पोस्टमार्टम नहीं कराया गया। मृतक अरविंद के तीन भाई बाहर नौकरी करते हैं। पुलिस के मनाने पर माने परिजनों की मर्जी पर गुरुवार की सुबह कडी सुऱक्षा में शव का पोस्टमार्टम कराया गया। इसके बाद शव को लेकर परिजन गांव पहुंचे और अन्य परिजनों के आने पर ही अंतिम संस्कार करने की बात कही।
शव के गांव पहुंचते ही माहौल में शोक व्याप्त हो गया। रैपुरा के अलावा मानिकपुर, मऊ, राजापुर थाने की पुलिस टीम गांव में तैनात की गई है। पीएसी भी तैनात है। गांव में हालात तनावपूर्ण बने हैं। रैपुरा थाना प्रभारी श्यामप्रताप पटेल ने बताया कि मुख्य आरोपी रामगोविंद रैदास को अरवारा मोड़ के पास गुरुवार की सुबह पकड़ा गया है। उसकी निशानदेही पर एक खेत से हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी बरामद की गई। बताया कि अरविंद के भाइयों के आने के बाद शव का अंतिम संस्कार किया जाएगा।