चित्रकूट। धर्मनगरी का परंपरागत श्री कृष्ण जन्मोत्सव जल विहार कार्यक्रम एवं विशाल शोभा यात्रा कार्यक्रम 14 सितंबर से शुरू होगा। इसमें जल विहार के बाद 15 को बाल भोग व दिव्य तुलादान दर्शन के बाद 16 सितंबर को विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा।
जिला मुख्यालय कर्वी में गुरूवार को हुई श्री कृष्ण भक्त मंडल परिवार की बैठक की अध्यक्षता करते हुए पंडित नारायण दत्त त्रिपाठी ने कहा कि श्री कृष्णाभक्तों द्वारा पिछले 50 वर्ष से प्रत्येक वर्ष श्री कृष्ण जन्मोत्सव के उपलक्ष्य में इस कार्यक्रम का आयोजन किया जाता है।
इस वर्ष श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव के मंगल उत्सव की 50वीं वर्ष गांठ मनाई जाएगी। शोभा यात्रा एवं जल बिहार कार्यक्रम के तहत कर्वी के शंकर बाजार स्थित गंगा जी रोड आश्रम से विशाल शोभा यात्रा रामघाट के लिए प्रस्थान करेगी। शाम के समय रामघाट में जल बिहार कार्यक्रम होगा। तैयारी बैठक में श्रीकृष्ण भक्त मंडल के सभी पदाधिकारी व सदस्य मौजूद रहे।