फोटो न- 21 सीकेटीपी 37 शहर में झांसी-मिर्जापुर हाईवे पर पसरा सन्नाटा। संवाद
चित्रकूट। जिले में भीषण गर्मी के कारण सड़कें सूनी हैं और दोपहर में कर्फ्यू जैसा सन्नाटा दिखा। ऐसे में, सबसे अधिक मार फुटपाथ पर व्यापार करने वाले छोटे व्यापारियों पर है, जिनके लिए गर्मी के कारण अपना कारोबार चलाना मुश्किल हो गया है।बृहस्पतिवार को अधिकतम तापमान 44 डिग्री और न्यूनतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने 24 मई तक लू चलने का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है, जिससे लोगों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
कपड़े बेचने वाले राहुल रैकवार जैसे कई दुकानदारों ने बताया कि तेज धूप और छाया की व्यवस्था न होने के कारण उन्हें दोपहर में अपनी दुकानें बंद करनी पड़ती हैं। कई व्यापारियों ने तो गर्मी के कारण अपना कारोबार तीन दिनों से पूरी तरह बंद कर दिया है, और उनका कहना है कि जब तक मौसम में सुधार नहीं होता, तब तक वे दुकानें नहीं खोलेंगे।
लू का प्रकोप रहेगा जारी : गनीवां कृषि विज्ञान केंद्र के मौसम वैज्ञानिक मनोज शर्मा ने बताया कि अभी 24 मई तक लू का ऑरेंज अलर्ट रहेगा। इस दौरान तेज धूप के साथ गर्म हवा चलती रहेगी। उन्होंने दोपहर के समय यात्रा और कृषि कार्यों से बचने की सलाह दी। शर्मा ने पशुओं को समय-समय पर पानी पिलाने और घर से बाहर निकलते समय पानी साथ रखने का सुझाव भी दिया।