फोटो05सीकेटीपी-10- परिचय-दौलत कुमार- फाइल फोटो- परिजन
चित्रकूट। बांदा-चित्रकूट रेल लाइन पर बैहार गांव के पास छात्र का पैर दो पटरियों के बीच में फंस गया। आसपास किसी के न होने से वह मदद के लिए चिल्लाता रहा, लेकिन कोई नहीं पहुंच सका। इसी बीच चित्रकूट की ओर से बांदा जा रही ट्रेन की चपेट में आने से उसकी मौत हो गई। ट्रेन रोककर चालक ने ग्रामीणों को घटना की जानकारी दी। ग्रामीण ने किशोर की पहचान कर परिजनों को जानकारी दी।
बैहार गांव निवासी रामेश्वर ने बताया कि बेटा दौलत (14) परम विद्या मंदिर शिवरामपुर में कक्षा नौ का छात्र था। बताया कि शुक्रवार की देर शाम घर से करीब आधा किमी दूर रेलवे लाइन की ओर घूमने गया था। ट्रेन के चालक के अनुसार उसका एक पैर पटरी में फंसा था। बार-बार हॉर्न बजाने पर भी वह पटरी से हट नहीं सका। किशोर के पिता ने आंशका जताई कि पटरी पार करते समय एक पैर पटरी में फंस गया होगा। इससे वह पटरी से हट नहीं सका।
घटना के बाद कर्वी की ओर से आई आंबेडकर नगर एक्सप्रेस ट्रेन के चालक ने घटनास्थल से कुछ दूरी पर ट्रेन रोक कर किशोर के कटने की जानकारी दी। चालक ने बताया कि किशोर का पैर पटरी में फंसा था, हार्न बजाया था पहले उसने हाथ उठाया, लेकिन वह उठ नहीं सका था।
ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी। ग्रामीणों ने बताया कि वह परिवार का इकलौता बेटा था। उसके चार बहन पिंटू देवी, चुन्नी देवी, प्रेमा देवी, आशा देवी और मां केता देवी घटना से बेहाल हैं। थाना प्रभारी मनोज कुमार ने बताया कि परिजनों ने पटरी में पैर फंसने से कटने की जानकारी दी है। जांच कर कार्रवाई की जाएगी।