11 परिचय- रसिन के गौशाला विद्यालय में चौपाल में ग्रामीणों को जानकारी देतीं डीएम मोनिका रानी।
- फोटो : अमर उजाला
विधान सभा सामान्य निर्वाचन सकुशल कराने के लिए जिलाधिकारी मोनिका रानी एवं पुलिस अधीक्षक दिनेश पाल सिंह ने संयुक्त रूप से विकास खंड चित्रकूटधाम कर्वी के ग्राम रसिन के पूर्व प्राथमिक विद्यालय गौशाला प्रांगण में ग्रामवासियों के साथ चौपाल लगाकर उनकी समस्याएं सुनीं। ग्रामीणों की शिकायत पर एक शिक्षिका का वेतन रोकने व अनुदेशक को हटाने के संबंध में बीएसए से जवाब मांगा है।
चौपाल में ग्रामवासियों ने बताया कि मंजू लता श्रीवास्तव सहायक अध्यापिका स्कूल नहीं आती हैं। जिस पर जिलाधिकारी ने इनका वेतन रोकने के निर्देश जिला बेसिक शिक्षाधिकारी को दिये। रत्ना सिंह अनुदेशक को रसिन से हटाकर नई दुनिया में अटैच करने पर बेसिक शिक्षाधिकारी से स्पष्ट करने के निर्देश दिये।
उन्होंने कोटेदार को निर्देश दिये कि राशन का वितरण गौशाला से ही करें। उन्होंने बताया कि आम आदमी बीमा योजना के भूमिहीन परिवारों के लिए योजना है। योजना में पात्र व्यक्ति की मृत्यु पर 35 हजार रुपये एवं दुर्घटना होने पर 75 हजार रुपये मिलेंगे।
उन्होंने कहा कि गांव में 5 दिसंबर को अधिकारियों की टीम आयेगी जिसमें पात्र गृहस्थी, अन्त्योदय कार्डों की चेकिंग की जायेगी। यदि कोई परिवार में एक से दो लोग इन योजनाओं का लाभ ले रहा हो तो स्वेच्छा से अपना नाम हटा लें। चेकिंग के दौरान ऐसे व्यक्ति पाये जाने पर उनके खिलाफ कार्रवाई की जायेगी।