फोटो-7- शिक्षिका की मौत मामले में एसडीएम को ज्ञापन सौंपते शिक्षक संघ के पदाधिकारीगण। संवाद
- फोटो : CHITRAKUTT
चित्रकूट। शहर के नई दुनिया के पास यशोदा नर्सिंग होम में प्रसव के बाद शिक्षिका की मौत मामले की जांच के तीन दिन बाद मंगलवार को सीएमओ ने डीएम कार्यालय में प्राथमिक रिपोर्ट जमा की है। इसमें स्पष्ट बताया गया कि सर्जरी के बाद प्रसूता की अधिक रक्तस्राव के कारण मौत हुई है। प्रथम दृष्टया माना गया है कि आपरेशन किसने किया यह वायरल वीडियो में तो दिखता है लेकिन कहां हुआ है इसकी पुष्टि करने को कई बार जांच अधिकारी यशोदा अस्पताल गए पर कोई नहीं मिला। हर बार ताला लटका मिला है। फिलहाल आगे की जांच जारी है। उधर्र, शिक्षक संघ ने शिक्षिका दीपिका कुशवाहा की मौत मामले में डीएम और एसपी को संबोधित ज्ञापन देकर इसकी जांच कराने की मांग की है। आरोप लगाया कि इस काम में सरकारी अस्पताल के जो डाक्टर व स्टाफ शामिल हैं उन्हें बेनकाब कर कार्रवाई की जाए।
बताते चलें कि शहर के बनकट गांव के पास स्थित प्राइवेट यशोदा नर्सिंग होम में कालिंजर निवासी प्रसूता शिक्षिका दीपिका कुशवाहा पत्नी रामचंद्र प्रसव पीड़ा पर भर्ती कराया गया था। शुक्रवार की सुबह नवजात को जनने के बाद डाक्टरों की लापरवाही से उसकी मौत हो गई थी। इसी क्रम में मंगलवार को प्राथमिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष अखिलेश पांडेय के नेतृत्व में एक प्रतिनिधि मंडल मृतका के भाई राकेश कुशवाहा से मिले। राकेश ने डाक्टरों पर लापरवाही करने और रुपये की खातिर उसकी बहन की हत्या करने का आरोप दोहराया। प्रभारी सीएमओ डा. इम्तियाज अहमद ने बताया कि अभी पूरी जांच बाकी है लेकिन अभिलेखों , वीडियो व मौजूद तथ्यों के अनुसार प्राथमिक रिपोर्ट जमा की गई है। आरोपी व घटनास्थल पर ज्यादातर लोग मिल ही नहीं रहे हैं तो जांच पूरी नहीं हो पा रही।