हाइवे पर अनियंत्रित
वाहनों के कारण आए दिन निर्दोषों की मौत हो रही है। रविवार की दोपहर को एक
टैंकर ने दो बाइकों में टक्कर मार दी। इसमें एक बाइक चालक की मौत हो गई,
जबकि दूसरा चालक बाल-बाल बच गया। दुर्घटना होते ही चालक टैंकर समेत भाग
निकला।
घटना कोतवाली क्षेत्र के अमानपुर गांव के पास की है। राजकरन उर्फ
पुष्प (24) पुत्र रामगोपाल निवासी कसहाई रविवार की दोपहर को सीतापुर पुलिस
चौकी में पकड़ी गई बाइक को छुड़ा कर घर लौट रहा था।
जैसे ही वह अमानपुर के
पास पहुंचा तो पीछे से बांदा की ओर से आए अनियंत्रित टैंकर ने उसकी बाइक
में टक्कर मार दी। इसके बाद दूसरी बाइक में भी टक्कर मारकर भाग निकला।
उधर,
टक्कर लगते ही राजकरन की बाइक दूसरी सड़क किनारे पडे़ पत्थर से टकरा गई।
इससे उसकी मौत हो गई। जबकि दूसरा बाइक चालक सुनील बेलौंहा मामूली रूप से
घायल हुआ।
घटना होते ही मौके पर सैकड़ों लोगों की भीड़ जमा हो गई। किसी
ने भी उसे जिला अस्पताल पहुंचाना उचित नहीं समझा। बस पुलिस व एंबुलेंस को
फोन करते रहे।
लगभग आधे घंटे बाद एंबुलेस पहुंची तो उसे जिला अस्पताल लाया
गया। जहां चिकित्सकों ने उसके मृत होने की पुष्टि की। मृतक के एक भाई की
तीन वर्ष पूर्व मौत हो चुकी है। चार शादीशुदा बहनें हैं। मृतक पिता के साथ
आटा चक्की में सहयोग करता था।