विद्याधाम उच्चतर माध्यमिक विद्यालय जानकीकुंड के छात्रों ने मंगलवार को स्वच्छता अभियान के तहत मंदाकिनी नदी व कामदगिरी परिक्रमा मार्ग पर सफाई अभियान चलाया। इसमें विद्याधाम के 30 छात्रों ने भाग लिया। मंदाकिनी नदी से पॉलिथीन व नदी में पड़ी अन्य चीजों को निकाल कर बाहर फेंका। छात्रों ने मंदाकिनी नदी की सफाई के माध्यम से लोगों को जागरूक करने का प्रयास किया।
जल ही जीवन है इसके बिना जीवन की कल्पना भी नहीं की जा सकती का संदेश देते हुए छात्रों ने जहां नदी से गंदगी बाहर निकाली। वहीं परिक्रम मार्ग पर फैले कूड़े को एकत्र करके कूड़ेदान पर डाला और झाडृू लगाई। छात्रों ने परिक्रमा मार्ग में दुकानदारों व स्थानीय लोगों से मार्ग पर गंदगी न फैलाने की अपील की और कहा कि सभी लोग अपना कचड़ा घरेलू कूडे़दान में एकत्रित कर नगर पालिका के स्थापित कूडे़दान में ही डालें।
स्वच्छता अभियान के इस कार्यक्रम का संचालन विद्यालय के शिवगणेश गौतम के मार्गदर्शन में हुआ। इस अभियान में उनका सहयोग शिक्षक दिनेश कुमार मिश्रा व अनिल कुमार सिंह ने किया। उधर मुख्यालय के पुल घाट पर बुंदेली सेना के कार्यकर्ताओं ने मंदाकिनी नदी किनारे फैली गंदगी को हटाने का काम जारी रखा। घाट की सीढ़ियों में जमा कूड़ा व जलीय पौधों को ट्रैक्टर से लादकर दूर फेंका गया। इस मौके पर जिलाध्यक्ष अजीत सिंह, अरविंद कुमार, बीपी पटेल, विष्णु गुप्ता व महेश कुमार आदि मौजूद रहे।