जिले में संचालित कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका
विद्यालयों के लिए शासन से खाने का नया मेन्यू जारी किया गया है। इसके तहत
अब छात्राओं को खाने और नाश्ते में पौष्टिक आहार दिया जाएगा।
शासन से
जिलाधिकारी एंव अध्यक्ष जिला शिक्षा परियोजना समिति को भेजे गए पत्र में
कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालयों की संचालन स्थिति को सुदृढ़ किए
जाने संबधी निर्देश दिए हैं। इसमें बालिकाओं को दिए जाने वाले भोजन को और
गुणवत्ता युक्त बनाने की बात कही गयी है।
इसमें पौष्टिक आहार के तहत अंडा,
खीर एंव मटर पनीर को भी नए मेन्यू में शामिल करने की बात कही गई है। जिला
समन्वयक संदीप कुमार ने बताया कि शासन से आदेश मिलने के बाद जिलाधिकारी
नीलम अहलावत की सहमति से समिति का गठन कर लिया गया है।
अब जिले में संचालित
चारों कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालयों को नए मेन्यू के लिए पत्र भेजा
जाएगा। जिसमें नए मेन्यू के अनुसार खाना और नाश्ता बालिकाओं को दिए जाने के
निर्देश दिए जाएगे। शासन के आदेश के अनुसार अब छात्राओं के खाने में
पौष्टिकता का विशेष ध्यान दिया जाएगा।
नए मेन्यू के तहत नाश्ते में दूध के
साथ अंडा अथवा दो फल और पोहा दिया जाएगा। खाने में हर दूसरे और चौथे रविवार
को मटर- पनीर की सब्जी एंव गुरुवार और तीसरे रविवार को खीर दी जाएगी।
प्रत्येक माह के पहले दिन दोपहर के भोजन में स्थानीय स्तर पर प्रचलित
व्यंजन भी बालिकाओं को परोसे जाएंगे। निर्धारित मेन्यू का बोर्ड किचन के
सामने लगाया जाएगा। अगर कहीं पर मेन्यू के विपरीत भोजन दिया जाएगा तो उस
विद्यालय का वार्डन इसके लिए जिम्मेदार होगा।
जिले
के चार ब्लाकों में चार कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय संचालित
हैं। इसमें कर्वी ब्लाक का शिवरामपुर में, मानिकपुर ब्लाक का महावीर नगर
मानिकपुर में, मऊ का कटिया में और पहाड़ी ब्लाक का चकौंध में संचालित है।