चित्रकूट/भरतकूप। थाना भरतकूप क्षेत्र के करारी गांव में खेत में लगी तार में लगे करंट की चपेट में इंटर का छात्र आ गया। परिजन उसे लेकर सीएचसी पहुंचे। वहां डाक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया।
करारी निवासी रामसनेही रैदास ने बताया कि बेटा बृजेंद्र कुमार (18) बदौसा के कामता प्रसाद शांति इंटर काॅलेज में इंटर का छात्र था। वह देर शाम सात बजे शौच के लिए खेत गया था। वहां पड़ोसी गांव धौरही माफी निवासी शिवचरण यादव के खेत में मवेशियों से फसल बचाने के लिए तार लगा रखा था। शौच को जाते समय तार में आ रहे करंट की चपेट में आ गया और बेहोश होकर गिर गया। दूसरे युवक ने देखा और उसके परिजनों को सूचना दी। परिजन उसको लेकर सीएचसी शिवरामपुर गए। वहां डाक्टर ने मृत घोषित कर दिया। परिजनों ने बताया कि 24 फरवरी से यूपी बोर्ड की परीक्षा की तैयारी कर रहा था। थाना प्रभारी प्रवीण कुमार सिंह ने बताया कि परिजनों ने करंट लगने की जानकारी दी है। तहरीर के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।