वन महोत्सव सप्ताह के समापन पर मंगलवार को डीआईओएस मोहम्मद रफीक ने चित्रकूट इंटर कालेज में छात्रों द्वारा लगाए गए पौधों को देखा। उन्हाेंने पौधरोपण भी किया। डीआईओएस ने पर्यावरण संरक्षण के प्रति छात्रों की ललक देखकर उन्हें धन्यवाद दिया।
उन्हाेंने कालेज परिसर में एनएसएस के विद्यार्थियों द्वारा लगाए गए पौधों का निरीक्षण किया। छात्रों से कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को एक पौधा जरूर लगाना चाहिए। पौधरोपण से पर्यावरण सुरक्षित रहता है और धरती की जल संग्रह करने की क्षमता बढ़ती है। विद्यालय के प्रधानाचार्य डा रणवीर सिंह चौहान ने जिला विद्यालय निरीक्षक को एनएसएस छात्रों द्वारा वन महोत्सव सप्ताह में पर्यावरण बचाओ, पौधे लगाओ कार्यक्रम के तहत की गई गतिविधियों की जानकारी दी।
एनएसएस के कार्यक्रम अधिकारी लालमन ने कहा कि छात्रों द्वारा पौधरोपण कार्य में सहयोग जारी रहेगा। छात्रों ने सप्ताह में 150 पौधे लगाए हैं। मौके पर भारत सिंह तोमर, जगत नारायण, कुंवर प्रताप सिंह, रामवचन सिंह, रामरतन, शंकर प्रसाद यादव, विजय पांडे आदि मौजूद रहे।