चित्रकूट। नगर पंचायत मानिकपुर-सरहट का शनिवार को डीएम पुलकित गर्ग ने निरीक्षण कर व्यवस्थाओं व विकास कार्यों की हकीकत परखी। इस दौरान उन्होंने विभिन्न पटलों की कार्यप्रणाली का जायजा लिया और नगर पंचायत के 10 बड़े बकाएदारों से वसूली के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि बकाया वसूली में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
इसके साथ लिपिक कक्ष के निरीक्षण के दौरान जन्म-मृत्यु पंजीकरण रजिस्टर और लंबित आवेदनों की समीक्षा की। इसमें सभी लंबित आवेदनों का निर्धारित समय-सीमा में अनिवार्य रूप से निस्तारण कर परिवार आईडी योजना में गति लाने के निर्देश दिए। वहीं विकास कार्यों की कार्ययोजना का अवलोकन करते हुए उन्होंने टाइड ग्रांट के अंतर्गत पूर्व प्रस्तावित 80 लीटर प्लास्टिक डस्टबिन के स्थान पर स्टेनलेस स्टील (एसएस) डस्टबिन क्रय करने करने के निर्देश दिए। इससे मवेशियों से होने वाले नुकसान से बचा जा सके।