मानिकपुर। क्षेत्र के कल्याणपुर स्थित स्थाई गोशाला का डीएम ने औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण में कमियां मिलने पर सुधारने के निर्देश दिए। साथ ही 24 घंटे कैमरे चालू रखने के लिए कहा। इससे कहीं से भी बैठ कर गोशाला की स्थिति देखी जा सके।
डीएम पुलकित गर्ग स्थाई गोशाला पहुंचे और रजिस्टर के अनुसार गोवंशों का मिलान कराया। इसमें 254 गोवंश मिले। डीएम को पर्याप्त मात्रा में भूसा मिला। डीएम ने नियमित हरे चारे की व्यवस्था कराने के निर्देश दिए। साथ ही गोशाला में पेयजल, साफ सफाई व प्रकाश की व्यवस्था रहने के लिए कहा। गौशाला में सीसीटीवी कैमरे तो लगे हैं, जो गोशाला से बाहर की ओर लगे मिले। इस पर डीएम ने अंदर की ओर कैमरे लगवाने के निर्देश दिए।
जिससे गोवंश की सुरक्षा एवं निगरानी आसानी से की जा सके। निरीक्षण में पता चला कि गोशाला परिसर से संबंधित जमीन को लेकर स्थानीय ग्रामीणों से विवाद है। इस पर बीडीओ व एसडीएम को निर्देश दिए कि ग्रामीणों के साथ बैठक कर विवाद का निस्तारण करें और बाउंड्री का निर्माण कर जानकारी दें।
डीएम ने निर्देश दिए कि गोशाला में कमियां पूरी न हुई तो संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। इस मौके पर ग्राम प्रधान सरिता देवी, सचिव आशुतोष कुमार, विनय कुमार मिश्रा सहित अन्य मौजूद रहे।