फाेटो - 25 कालू कुआं मोहल्ले में आंधी से टूटा बिजली पोल। संवाद
चित्रकूट। जनपद में मंगलवार शाम तेज आंधी और बारिश ने भारी तबाही मचाई। अचानक बदले मौसम के कारण जिलेभर में पेड़ उखड़ गए, जिससे प्रमुख मार्गों पर यातायात बाधित हुआ और बिजली आपूर्ति ठप हो गई। इस प्राकृतिक आपदा से जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ, हालांकि भीषण गर्मी से कुछ राहत मिली।
झांसी-मिर्जापुर हाईवे पर शाम करीब छह बजे पेड़ गिरने से दोनों लेन पर यातायात एक घंटे तक ठप रहा। स्थानीय लोगों की मदद से एक लेन आंशिक रूप से चालू की गई, जबकि दूसरी लेन देर रात तक बाधित रही।
एनएच-35 (कर्वी-खोह मार्ग) पर भी कई जगह पेड़ गिरने और बिजली के तार टूटने से आवागमन धीमा हो गया। खोह टर्न स्थित पेट्रोल पंप के पास डिवाइडर तक उखड़कर दूसरी ओर जा गिरे। मानिकपुर से कर्वी संपर्क मार्ग और रेहुटिया क्षेत्र में भी रास्ते बाधित हुए। पहाड़ी, सरैया और मानिकपुर सहित कई इलाकों में पेड़ गिरने की घटनाएं सामने आईं।
कार्यवाहक थाना प्रभारी अखिलेश यादव ने बताया कि पेड़ों को हटाने के लिए तत्काल टीमें लगाई गई हैं और जल्द ही यातायात सामान्य कराया जाएगा। आंधी और बारिश का असर बिजली आपूर्ति पर भी पड़ा।
शहर में शाम छह बजे से बिजली गुल हो गई, जिससे लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। ग्रामीण क्षेत्रों में भी कई जगह फाल्ट आने से आपूर्ति बाधित रही।
पहाड़ी कस्बे में मूसलाधार बारिश ने शादी समारोहों को भी प्रभावित किया। कार्यक्रमों में शामिल होने जा रहे लोग बारिश से बचने के लिए इधर-उधर शरण लेते दिखे।
फाेटो - 25 कालू कुआं मोहल्ले में आंधी से टूटा बिजली पोल। संवाद