चित्रकूट। उत्तर मध्य रेलवे झंासी के डीआरएम ने धर्मनगरी के स्टेशन समेत जिले के सभी स्टेशन का औचक निरीक्षण किया। मुख्यालय के स्टेशन में यात्रियों की शिकायत पर स्टेशन प्रबंधक को कड़ी फटकार लगाई। रेल पटरी से लेकर यात्रियों की सुरक्षा में कोई कोताही न बरतने के निर्देश दिए। मेले में अतिरिक्त टिकट खिड़कियां व कर्मचारी तैनात न करने पर आगे कड़ी कार्रवाई करने की चेतावनी दी।
बुधवार को झांसी से स्पेशल ट्रेन से चित्रकूट जिले के भरतकूप, शिवरामपुर, ओहन, बहिलपुरवा, खोह स्टेशन का निरीक्षण करने के बाद शाम को जैसे ही डीआरएम की ट्रेेन मुख्यालय के रेलवे स्टेशन पर रूकी तो अधिकारियों की भाग दौड़ शुरू हो गई है। डीआरएम एके मिश्रा ने टिकट घर, रिजर्वेशन, प्रतीक्षालय, शौचालय, प्लेटफार्म नंबर एक व दो का निरीक्षण किया। प्लेटफार्म नंबर तीन पर शेड लगवाने को कहा। फुटब्रिज में गंदगी होने पर नाराजगी जताई। इसी दौरान कुछ यात्रियों ने बताया कि जिस दिन स्टेशन में भीड़ होती है उस दिन सारी व्यवस्थाएं गडबड़ हो जाती हैं। कर्मचारी यात्रियों के साथ अभद्रता करते हैं। टिकट खिड़की से लेकर पूछतांछ कांउटर व टीटी आदि भी सही जवाब नहीं देते हैं। टिकट के लिए अलग काउंटर तो खोलते हैं लेकिन कर्मचारी समय से काम नहीं करते। जिससे यात्री हलाकान रहते हैं। प्रतीक्षालय व शौचालय में पर्याप्त रोशनी व सफाई का अभाव रहता है।
इस दौरान डीआरएम ने खंड के सहायक स्टेशन प्रबंधक, उप स्टेशन प्रबंधक व स्टेशन प्रबंधक सहित सभी अधिकारी कर्मचारियों को विशेष हिदायत दी कि संरक्षा एवं सुरक्षा से संबंधित मामलों में शार्ट कट का प्रयोग कतई न करें। खासकर मुख्यालय के स्टेशन प्रबंधक आरएम पांडेय को हिदायत दी कि यात्रियों को सही जानकारी दें और मेले मेें हर खिड़की में पर्याप्त कर्मचारी मौजूद रहने की व्यवस्था करें। निरीक्षण के दौरान वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक विपिन कुमार सिंह,अन्य अधिकारी व पर्यवेक्षकगण मौजूद रहे