चित्रकूट। जिला जेल में विधायक अब्बास अंसारी से उसकी पत्नी निखत बानो को मिलाने में सहयोग करने के आरोप में जेल में बंद सपा नेता फराज खान परिजनों ने घर के एक हिस्से को खाली कर दिया है। परिजनों का मानना है कि लगभग सात फीट की गैलरी को लेकर विवाद है इसका नक्शा भी नहीं है। ऐसे में इस पर बुलडोजर चल सकता है।
शहर के पुरानी बाजार निवासी सपा नेता फराज खान इन दिनों लखनऊ जेल में बंद है। पिता मुन्ने खां ने बताया कि उनके मकान का नक्शा आदि पास है, लेकिन विकास प्राधिकरण की नापजोख से परिवार भयभीत है। उन्होंने घर की गैलरी से सारा समान हटवा लिया है। इसे खाली करने के दौरान आसपास के लोगों ने बताया कि इतना भाग शायद बिना नक्शे के बना है। ऐसे में राजस्व विभाग व विकास प्राधिकरण विभाग की नापजोख से यह परिवार आशंकित है कि इसमें प्रशासन का बुलडोजर चल सकता है।
गौरतलब है कि दस फरवरी को जिला जेल में विधायक अब्बास अंसारी व उसकी पत्नी निखत के गैरकानूनी तरीके से जेल में मिलने को लेकर निखत को पकड़ा गया था। इनके सहयोग के आरोप में सपा नेता को पुलिस ने पकड़कर जेल भेजा है। इसके बाद से सपा नेता के घर पर बुलडोजर चलने की आशंका बनी है। इस संबंध में एसडीएम राजबहादुर ने बताया कि नियमानुसार ही काम प्रशासन कर रहा है। किसी को भी अनावश्यक रूप से परेशान नहीं किया जाएगा।