चित्रकूट। प्रदेश के श्रम व जिले के प्रभारी मंत्री को रानीपुर टाइगर रिजर्व क्षेत्र के जंगल भ्रमण कराने के मामले में वाहन ऑनलाइन पंजीयन के मामले में मंडलायुक्त ने कोई जवाब नहीं दिया। प्रभारी मंत्री के पीआरओ ने कहा कि वाहन के सभी कागजात हैं। डीएम ने कहा जांच कराई जा रही है।
छह नवंबर को रानीपुर टाइगर रिजर्व का प्रदेश के श्रम मंत्री/जिला प्रभारी मंत्री मनोहर लाल मुन्नू ने शुभारंभ कराया था। भाजपा के कई जनप्रतिनिधि व वन विभाग के अधिकारियों की मौजूदगी में प्रभारी मंत्री को एक जिप्सी से टाइगर रिजर्व क्षेत्र का भ्रमण कराया गया। दो दिन बाद एक वीडियो सोशल मीडिया में वायरल हुआ जिसमें दावा किया गया कि जिप्सी में आगे नंबर प्लेट है पीछे नंबर प्लेट नहीं है। कुछ धुंधला सा जो दिख रहा है उसमें आगे के नंबर से बहुत अंतर है। इसे लेकर खबरें छपने के बाद सपा ने प्रदेश के एक्स एकाउंट से लिखा कि प्रदेश के मंत्री को बिना पंजीयन के वाहन से घुमाया गया। अबतक की जांच में सूत्रों के अनुसार प्रदेश के ऑनलाइन वाहन पंजीयन की सूची में इस वाहन का नंबर नहीं दिख रहा है।
इस मामले में रानीपुर टाइगर रिजर्व क्षेत्र के उपनिदेशक एनके सिंह ने पहले ही कहा है कि वाहन के पंजीयन व चालक के पंजीयन के सभी कागजात उनके कार्यालय में सुरक्षित हैं। जिप्सी में दो नंबर नहीं है। मंडलायुक्त बाल कृष्ण त्रिपाठी ने कोई जवाब नहीं दिया। डीएम शिवशरणप्पा ने कहा कि मामले की जांच कराई जा रही है। श्रम मंत्री मनोहर लाल मुन्नू के निजी सचिव सोनू चौबे ने बताया कि उस गाड़ी के सभी कागजात सही हैं।सपा के एक्स पर कमेंट करने पर कहा कि सपा का काम ही है गलत बयानबाजी करना। सपा के प्रदेश कार्यसमिति के सदस्य अनुज यादव ने कहा कि प्रदेश की ऑनलाइन वाहनोंं के पंजीयन की सूची में फिलहाल इस वाहन का नंबर नहीं दिख रहा है। ऑनलाइन पंजीयन ढूंढने की कई बार कोशिश की गई है।