चित्रकूट। बरगढ़ कस्बा निवासी कपड़ा व्यापारी अशोक केसरवानी के बेटे आयुष केसरवानी का अपहरण व हत्याकांड के बाद बुधवार को सपा का 18 सदस्यीय प्रतिनिधि मंडल पीड़ित परिवार से मिलने जाएगा और उसकी पूरी रिपोर्ट सपा अध्यक्ष पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव को सौंपेंगे।
सपा जिलाध्यक्ष शिव शंकर सिंह यादव ने बताया कि पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के निर्देश पर उनके नेतृत्व में सांसद कृष्णा पटेल, सदर विधायक अनिल प्रधान, प्रदेश अध्यक्ष सपा व्यापार सभा प्रदीप जायसवाल, पूर्व मंत्री दद्दू प्रसाद, पूर्व विधायक वीर सिंह पटेल, पूर्व विधानसभा प्रत्याशी डॉ. निर्भय सिंह पटेल, प्रदेश सचिव डॉ. अजय चौरसिया, मुलायम सिंह यूथ बिग्रेड के प्रदेश उपाध्यक्ष यथांश केसरवानी, व्यापार सभा के प्रदेश सचिव प्रवीण केसरवानी आदि का प्रतिनिधि मंडल जाएगा। जो पीड़ित परिवार से मिलकर घटना के बारे में जानकारी लेगा और उसकी पूरी रिपोर्ट पूर्व मुख्यमंत्री को भेजेगा।
-
आरोपियों को फांसी देने की मांग
चित्रकूट। आयुष हत्याकांड के विरोध में मंगलवार की देर शाम भरतकूप में व्यापारियों ने कैंडल मार्च निकाला। हत्यारों को फांसी देने की मांग की।
कैंडल मार्च भरतकूप चौराहा से शुरू होकर मंदिर रोड, बांदा रोड होते हुए कर्वी रोड तक निकाला गया। व्यापारियों ने एकजुटता का प्रदर्शन करते हुए हत्या की घटना की कड़े शब्दों में निंदा की। व्यापार संगठन के अध्यक्ष श्रीराम गुप्ता ने कहा कि यदि दोषियों के खिलाफ जल्द सख्त कार्रवाई नहीं की गई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। उन्होंने प्रशासन से बचे हुए आरोपी की शीघ्र गिरफ्तारी और फास्ट ट्रैक कोर्ट में मुकदमा चलाकर फांसी की सजा सुनिश्चित कराने की मांग की। संवाद।