फोटो 01 सीकेटीपी-18-धूप से बचने के लिए सिर को कपड़े से ढके महिलाएं। संवाद
चित्रकूट/मानिकपुर । जिले में सोमवार को मौसम का मिजाज अलग-अलग रहा। पाठा क्षेत्र में तेज बारिश हुई, वहीं जिला मुख्यालय पर उसम भरी गर्मी ने लोगों को बेहाल किया। मानिकपुर और पाठा क्षेत्र में दोपहर में करीब सवा घंटे तक जोरदार बारिश हुई। इस बारिश से लोगों को भीषण गर्मी से कुछ राहत मिली। मौसम विभाग के अनुसार, सोमवार को अधिकतम तापमान 36 डिग्री और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस रहा।
मानिकपुर व पाठा क्षेत्र में दोपहर करीब 12 बजे से 1:20 बजे तक तेज हवा के साथ जोरदार बारिश हुई। करीब सवा घंटे तक चली बारिश से मौसम में अचानक बदलाव आया और लोगों को भीषण गर्मी से कुछ राहत मिली। कई दिनों बाद शुरू हुई बिजली आपूर्ति भी बारिश और तेज हवाओं के चलते फिर बाधित हो गई, जिससे ग्रामीणों की चिंताएं बढ़ गई हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति ठप होने से पेयजल संकट गहरा गया है। विद्युत आपूर्ति बाधित रहने के कारण पानी की उपलब्धता प्रभावित हो रही है।
मौसम वैज्ञानिक अंकुर त्रिपाठी ने बताया कि जिले में आने वाले दिनों में मौसम खराब रहने की संभावना है। बादलों की आवाजाही और कहीं-कहीं बारिश का दौर जारी रह सकता है। उन्होंने लोगों को मौसम के बदलते रुख को देखते हुए सतर्क रहने की सलाह दी। बारिश ने पाठा क्षेत्र को राहत दी, लेकिन जिला मुख्यालय समेत अन्य क्षेत्रों में उसम और बिजली संकट ने मुश्किलें बढ़ाई हैं।
फोटो 01 सीकेटीपी-18-धूप से बचने के लिए सिर को कपड़े से ढके महिलाएं। संवाद