फोटो- 5- अस्थाई होम क्वारंटीन में रहने वाले लोगों से भोजन व स्वास्थ्य की जानकारी लेते डीएम शेषमणि प
- फोटो : CHITRAKUTT
चित्रकूट। जिले में एक नए रोगी की प्राथमिक जांच में संदेह होने पर लखनऊ में कोरोना की जांच के लिए सैंपल भेजा गया है। इसके पूर्व भेजे गए छह संदिग्धों के सैंपल जांच की रिपोर्ट आज आ गई। सभी की रिपोर्ट निगेटिव होने पर प्रशासन ने राहत की सांस ली है। अब तक जिले में 6 हजार से अधिक लोगों की थर्मल स्क्रीनिंग कराई जा चुकी है। जिले में बनाए गए 27 अस्थाई होम क्वारंटीन में 763 ठहराए गए लोगों में फिलहाल सभी मौजूद हैं। जिला अस्पताल समेत पूरे जिले में 10 लोगाें का कोरोना वायरस के संदेह पर जांच की गई लेकिन किसी में प्राथमिक लक्षण नहीं मिले।
लॉकडाउन के दौरान बुधवार को जिले में सुबह सब्जी व दूध खरीदने पहुंचे लोगों ने सोशल डिस्टेंस का जमकर उल्लघंन किया। जिला प्रशासन का पूरा ध्यान अस्थाई क्वारंटीन सेंटर में ठहरे लोगों के स्वास्थ्य परीक्षण व भोजन के इंतजाम पर रहा। सबसे बड़ी राहत की बात यह रही कि दो दिन पूर्व भेजे गए छह लोगों के सैंपल की रिपोर्ट में कोरोना वायरस के लक्षण नहीं मिले हैं। इसके बाद शाम को पता चला कि पहाड़ी ब्लाक क्षेत्र के एक गांव के 14 माह के बालक में इस वायरस की संभावना पर सैंपल लिया गया। जानकारी होते ही पूरा विभाग अलर्ट हो गया। सीएमएस डॉ.आरके गुप्ता ने इसकी जांच कराकर सीएमओ को रिपोर्ट भेजी। इसमें निमोनिया बुखार होने की ज्यादा संभावना थी। सीएमओ डॉ. विनोद कुमार ने बताया कि वैसे तो कोरेाना का संदेह नहीं है, लेकिन एतियातन इसका सैंपल लेकर लखनऊ भेजा गया है। दो दिन में इसकी रिपोर्ट आएगी। डीएम शेषमणि पांडेय तथा पुलिस अधीक्षक अंकित मित्तल ने बुधवार को जनपद में विभिन्न स्थानों का भ्रमण कर लाक डाउन व्यवस्था का जायजा लिया। सदर तहसील अंतर्गत गोस्वामी तुलसीदास महाविद्यालय बेड़ी पुलिया तथा सीपी सिंह आवासीय विद्यालय में ठहरे लोगों से खानपान स्वास्थ्य आदि के बारे में जानकारी की। तहसील मऊ अंतर्गत राजकीय पॉलिटेक्निक बरगढ़ तथा पूर्व माध्यमिक विद्यालय मुर्का में ठहरे व्यक्तियों के खानपान स्वास्थ्य आदि व्यवस्थाओं देखीं। उन्होंने व्यक्तियों से कहा कि मास्क, तौलिया, साफी, गमछा से मुंह अवश्य ढके रहें। सोशल डिस्टेंसिंग का पालन अवश्य किया जाए। प्रधानाचार्य राजकीय पॉलिटेक्निक बरगढ़ को निर्देश दिए कि विद्यालय जहां टूटा फूटा है उसका मरम्मत कराएं। उन्होंने तहसीलदार से ठहरने वालों की सूची बनाने के लिए कहा। जिनके 14 दिन पूर्ण हो गए हैं उनसे हलफनामा लेकर संबंधित गांव के ग्राम प्रधान से भी लिखित रूप में लेकर भेजने की व्यवस्था करें। छोटे बच्चों को दूध की भी व्यवस्था कराते रहें। उन्होंने विद्यालयों में नामित अधिकारियों को निर्देश दिए कि लगातार निरीक्षण कर विद्यालयों में ठहरे हुए लोगों के इंतजाम करें। प्रत्येक दिन लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण अवश्य होता रहे। कोई भी व्यक्ति बीमार न होने पाए। अगर कोई व्यक्ति बीमार पाया जाता है तो उसे तत्काल चिकित्सालय में भर्ती कराकर उपचार कराएं। इसके अलावा जिले में अबतक जिले में 90 वाहन व 72 से अधिक लोगों के खिलाफ लॉकडाउन उल्लघंन की कार्रवाई हो चुकी है।
इनसेट...
ड्यूटीरत लेखपाल के वाहन का चालान
चित्रकूट। ओलावृष्टि की रिपोर्ट में जंाच कर लौटे लेखपाल के वाहन का शहर के ट्रैफिक चौराहे पर पुलिसकर्मियों ने चालान कर दिया। भरथौल के लेखपाल लवसिंह ने बताया कि मंगलवार को वह रिपोर्ट लेकर तहसील जा रहे थे। रास्ते में पुलिसकर्मियों ने उनका लॉकडाउन के उल्लघंन का आरोप लगाकर चालान काट दिया। इसकी जानकारी होने पर उप्र लेखपाल संघ उपशाखा कर्वी के अध्यक्ष पुरुषोत्तम शुक्ल व सचिव शारदा प्रसाद संगम ने इसका कड़ा विरोध जताया है। एसडीएम को लिखे पत्र में बताया कि संबधित लेखपाल ड्यूटी कार्ड व वाहन के कागजात भी दिखाए, लेकिन पुलिसकर्मियों ने उनकी एक न सुनी। इस पर रोक लगाई जाए।