चित्रकूट। चकबंदी कार्यों की समीक्षा बैठक बुधवार को कलक्ट्रेट सभागार में हुई। अच्छा कार्य करने वाले 10 कर्मचारियों को डीएम ने सम्मानित किया। वहीं लापरवाही करने वाले दो चकबंदी अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए हैं।
डीएम शिवशरणप्पा जीएन ने कहा कि गांव में जाकर चकबंदी वादों का निस्तारण करें। इससे किसानों को अधिक से अधिक फायदा मिल सके। डीएम ने एडीएम न्यायिक राजेश प्रसाद को निर्देश दिया कि हर सप्ताह समीक्षा कर रिपोर्ट जमा करें। बंदोबस्त अधिकारी चकबंदी मनोहर लाल वर्धन को बैठक में गैरहाजिर रहने वाले चकबंदी अधिकारी शरद चंद्र यादव एवं शैलेंद्र द्विवेदी को कारण बताओ नोटिस जारी करने के लिए कहा है। डीएम ने चकबंदी निदेशालय से प्राप्त लक्ष्य की पूर्ति होने एवं कार्यों को तेजी से करने के लिए सहायक चकबंदी अधिकारी सुभाष चंद्र श्रीवास्तव, राजीव कुमार तथा चकबंदी कर्ता छत्रपाल, ओम प्रकाश शर्मा, सुनील कुमार तथा चकबंदी लेखपाल निलेश कुमारी, अमित राणा, देवेंद्र कुमार साहू, नीरज कुमार एवं नागेंद्र कुमार को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।