चित्रकूट। नयागांव थाना क्षेत्र के मोकमगढ़ पहाड़ी व सिरसावन क्षेत्र के पहाड़ों पर कई दिनों से दिन रात अवैध खनन हो रहा है। जिसमें कई लोग शामिल हैं। खनन के दौरान बृहस्पतिवार की सुबह दो पक्षों के बीच जमकर विवाद हुआ। जिसमें फावडे़ व सब्बर चले एक घंटे तक हुई मारपीट में दोनों पक्षों से छह लोग घायल हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस टीम पहुंची और सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया। दोनों पक्षों की ओर से रिपोर्ट दर्ज की गई है।
मोकमगढ़ पहाड़ी में बृहस्पतिवार को पहले से एक पक्ष के लोग जेसीबी व मजदूरों को लेकर खनन करा रहे थे। कुछ देर बाद दूसरा पक्ष भी मजदूरों को लेकर पहुंचा और पहले पक्ष के मजदूरों को भागने को कहा। जानकारी होने पर दोनों पक्ष के खनन कराने वाले अन्य लोग आ गए। देखते ही देखते मारपीट होने लगी और खूनी संघर्ष का रूप ले लिया। स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी। नया गांव थाना पुलिस टीम पहुंची तो मजदूर भाग निकले। पुलिस ने घायल पक्ष राजा ठाकुर, रोहित ठाकुर, मामा व दूसरे पक्ष के गोविंद त्रिपाठी, आशीष त्रिपाठी व शुभम शर्मा को पकड़ लिया। थाने में रिपोर्ट दर्ज करने के बाद सभी घायलों का अस्पताल में इलाज कराया।
फोटो नं- 3- घायल गोविंद- फोटो : CHITRAKUTT