घटना की जानकारी देतीं घायल की दादी कुंता देवी।
- फोटो : amarujala
कोतवाली से महज 100 मीटर दूर दोस्तों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। जिसमें एक ने दूसरे को गोली मार दी। गोली युवक के पेट में जा धंसी और वह लहूलुहान होकर मौके पर गिर पड़ा। घटना के बाद आरोपी भाग निकला। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां हालत गंभीर होने पर उसे इलाहाबाद रेफर किया गया है। पुलिस ने पूछताछ के लिए मोहल्ले के दो युवकों को हिरासत में लिया है। घटना कोतवाली से महज सौ मीटर की दूरी पर हुई।
सब्जी विक्रेता जगदीशगंज निवासी सतीश पटेल (22) पुत्र संतोष कुमार सोमवार की रात दुकान से घर आने के बाद रेलवे क्रासिंग के पीछे दोस्तों से मिलने गया था। सतीश की दादी कुंता देवी ने बताया कि वहीं दोस्तों से किसी बात को लेकर सतीश का विवाद हो गया और बाइक सवार दो युवकों में से एक ने उसे गोली मार दी। घटना के बाद आरोपी बाइक से भाग निकले। जबकि सतीश वहीं गिर पड़ा।
गोली की आवाज सुनते ही आसपास रहने वाले लोगों में हड़कंप मच गया। कुछ तो घर के अंदर दुबक गए। जबकि कुछ लोग मौके पर आए और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने घायल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। कोतवाल सत्यपाल सिंह ने बताया कि गोली युवक के पेट में लगी है और संभावना है कि एक हिस्से को चीरती हुई गोली बाहर भी निकल गई है। सतीश को डाक्टरों ने इलाहाबाद रेफर किया है। प्रथम दृष्टता पता चला है कि घटना उसी के दोस्तों ने अंजाम दी। जांच पड़ताल जारी है। पूछताछ के लिए मोहल्ले के दो युवकों को कोतवाली लाया गया है।