सब्जी मंडी में आग कैसे लगी, यह अभी तक स्पष्ट नहीं हो सका है। लेकिन मंडी के दुकानदार दो गुटों में बंटकर एक-दूसरे पर ही आग लगाने का आरोप मढ़ने लगे हैं। दोनों पक्षों ने एसपी से मिलकर अपनी बात रखी और खुद को निर्दोष बताया।
उधर, अग्निकांड के दौरान हुए बवाल में नामजद लोगों ने खुद को बचाने के लिए दौड़ भाग तेज कर दी है। जनप्रतिनिधियों व नेताओं से भी यह लोग मिले हैं। सपा नेताओं ने शुक्रवार को एसपी से मिलकर साफ कहा कि पुलिस ने जो रिपोर्ट दर्ज की है, उसकी निष्पक्ष जांच कराई जाए, उसके बाद ही आगे की कार्रवाई हो। किसी भी निर्दोष को जेल न भेजा जाए।
मुख्यालय के पुरानी बाजार स्थित सब्जी मंडी में बुधवार की देर रात आग लगने से 46 दुकानें जलकर राख हो गई थीं। करीब एक करोड़ से ज्यादा की संपत्ति भी जलकर नष्ट हो गई। आग बुझाने आए फायर बिग्रेड के जवानों पर पथराव किया गया। जिसमें कोतवाल समेत आधा दर्जन पुलिसकर्मियों घायल हो गए थे।
इस मामले में पुलिस ने कड़ा रुख अपनाया और एक सैकड़ा लोगों पर रिपोर्ट दर्ज की। जिसमें 22 नामजद थे। शुक्रवार को आरोपियों के नाम सामने आए तो उनमें खलबली मच गई। नामजद हुए लोगों ने अपने-अपने बचाव के रास्ते ढूंढने शुरू कर दिए।
खुद को बचाने में दुकानदार दो गुटों में बंट गए और एक-दूसरे पर ही साजिश के तहत आग लगाने का आरोप लगाने लगे। मुकदमे में नामजद फल विक्रेता भोले गुप्ता ने बताया कि सबसे पहले उसकी दुकान में आग लगी। दुकान में सो रहे नौकर सुरेंद्र ने बताया कि दुकान के पीछे के हिस्से में आग लगी।
वह चिल्लाकर बाहर भागा, तब तक आग बगल की दुकान तक पहुंच चुकी थी, जहां गैस सिलेंडर होने के कारण विस्फोट हुआ। आरोप लगाया कि कुछ स्थानीय दुकानदार उससे व्यापारिक प्रतिस्पर्धा रखते हैं। जिसके चलते उसकी दुकान में आग लगाई गई।
उधर, दुकानदार मो. रईस, रसीद, निजाम व नफीस ने एसपी को लिखे पत्र में आरोप लगाया कि भोले व महेश की दुकान से पहले ही माल हटा दिया गया था। इसके बाद उनकी दुकान में आग लगा दी गई। जिसकी चपेट में आसपास की दुकानें भी आ गईं। जब फायर ब्रिगेड की गाड़ी आई, तो ऐसे ही कुछ लोगों ने पथराव कर दिया। जिससे सांप्रदायिक माहौल पर भी असर पड़ा।
इधर, दोनों पक्षों के दुकानदारों ने राजनीतिक दलों के नेताओं से संपर्क कर रिपोर्ट से नाम हटवाने की सिफारिश की है। शुक्रवार को सब्जी मंडी पहुंचे कांग्रेसी प्रतिनिधि मंडल के अध्यक्ष रामभवन गुप्ता ने कहा कि जो भी आग लगाने का सूत्रधार हो, उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई कराने के लिए पार्टी आंदोलन करेगी।
दोपहर को सपा जिलाध्यक्ष भइयालाल यादव, पूर्व सांसद बाल कुमार पटेल व पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष शिवशंकर सिंह यादव भी एसपी के पास पहुंचे और नामजद आरोपियों को बेवजह न फंसाने की बात कही। आग लगाने वालों को तलाश कर कार्रवाई करने को कहा। बोले, ऐसे लोग किसी भी समुदाय के हों, उन्हें छोड़ा न जाए और निर्दोषों के खिलाफ कोई कार्रवाई न हो।