तीस हजार के इनामी डकैत शिवा पटेल गैंग ने बुधवार दिनदहाड़े भरतकूप के कोढनपुरवा में कहर बरपाया। पुलिस की मुखबिरी करने का आरोप लगाकर गैंग के सदस्यों ने लल्लू यादव को बंदूक की बटों से पीटकर अगवा करने का प्रयास किया। बचाने पहुंचे तीन अन्य ग्रामीणों की भी डकैतों ने जमकर पिटाई की। इसी बीच पुलिस के गांव पहुंचने की सूचना पर डकैत सभी को छोड़कर भाग निकले।
ग्रामीणों ने बताया कि बुधवार तड़के खम्हरिहा के कोढ़नपुरवा निवासी लल्लू यादव पुत्र भूखन मवेशियों को चराने जंगल की ओर गए थे। इस बीच पहाड़ की ओर से डकैत शिवा पटेल गैंग के साथ आ धमके और लल्लू को पकड़कर बंदूक की बटों से पीटना शुरू कर दिया। डकैत का शक है कि कल्लू पुलिस की मुखबिरी करता है।
इसी दौरान समीप के खेत में सिंचाई करा रहा उसका पुत्र चौधरिया व भतीजा राजेश यादव उसे बचाने पहुंचे तो डकैतों ने उन दोनों की भी जमकर पिटाई कर दी। दिनदहाड़े डकैतों के हमले की खबर से ग्रामीणों ने हड़कंप मच गया। इसी बीच किसी ग्रामीण ने घटना की सूचना पुलिस को दे दी। सूचना पाकर कुछ ही देर में पुलिस जंगल पहुंची। तब तक पुलिस के आने की खबर लगते ही डकैत ग्रामीणों को छोड़कर भाग निकले।
ग्रामीणों के अनुसार इस बीच रास्ते में मिले कमलू व पंडा को भी डकैतों ने जमकर पीटा। लल्लू ने बताया कि शिवा पटेल गैंग ने ही उस पर मुखबिरी का आरोप लगाकर पिटाई की और अगवा करके ले जा रहा था। चौकी प्रभारी सुजीत कुमार ने बताया कि वारदात शिवा पटेल गैंग की है। घायल लल्लू व राजेश का जिला चिकित्सालय में उपचार कराया गया है। उनकी तहरीर के आधार पर कार्रवाई होगी।
कोतवाल रनवीर सिंह ने बताया कि डकैतों की तलाश में कांबिंग जारी है। बदमाशों के खिलाफ मामला दर्ज किया जाएगा।