फोटो 25 सीकेटीपी-24-टोटी में नहीं पहुंच रहे हाथ पानी पीने का प्रयास करते बच्चे। संवाद
चित्रकूट। भीषण गर्मी और लू का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है। सोमवार को अधिकतम तापमान 45.04 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 30.05 डिग्री दर्ज किया गया। सुबह से चल रही गर्म हवाओं और दोपहर में बादलों की आवाजाही से उसम और बढ़ गई। हालात ऐसे रहे कि सुबह सात बजे से ही सड़कों पर सन्नाटा पसर गया और लोग घरों में दुबकने को मजबूर रहे।
मौसम वैज्ञानिक अंकुर त्रिपाठी ने बताया कि जिले में 26 मई तक लू को लेकर रेड अलर्ट जारी है, जबकि 27 और 28 मई को ऑरेंज अलर्ट रहेगा। उन्होंने बताया कि 29 मई से तेज हवाओं के साथ हल्की बारिश और गरज-चमक की संभावना है, जिससे मौसम में कुछ राहत मिल सकती है। लगातार बढ़ रही गर्मी का असर स्वास्थ्य सेवाओं पर भी दिखाई देने लगा है। जिला अस्पताल में मरीजों की संख्या तेजी से बढ़ रही है। सोमवार को अस्पताल में एक हजार से अधिक पर्चे बने।
जिनमें सबसे ज्यादा मरीज वायरल बुखार और गर्मी जनित बीमारियों के रहे। ओपीडी के बाहर दिनभर मरीजों की भीड़ लगी रही। जिला अस्पताल के सीएमएस डॉ. शैलेंद्र कुमार ने बताया कि लू लगना गंभीर स्थिति है। इसमें शरीर का तापमान अचानक बढ़ जाता है और शरीर का कूलिंग सिस्टम काम करना बंद कर देता है। समय पर इलाज न मिलने पर यह जानलेवा भी साबित हो सकता है।
फोटो 25 सीकेटीपी-24-टोटी में नहीं पहुंच रहे हाथ पानी पीने का प्रयास करते बच्चे। संवाद