चित्रकूट। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी बीके शर्मा ने आदेशों की अवहेलना और लापरवाही बरतने में पांच प्रधानाध्यापकों समेत सात शिक्षक निलंबित कर दिए। यह कार्रवाई स्कूलों के औचक निरीक्षण में मिली खामियों के चलते की है। निलंबित शिक्षक दूसरे स्कूलों में संबद्ध हुए हैं।
बीएसए ने पिछले दिनों करीब 12 प्राथमिक व जूनियर विद्यालयों का निरीक्षण किया था। मुआयने में कई स्कूलों में बच्चों की संख्या कम मिली थी। जबकि रजिस्टरों में उनकी उपस्थिति अधिक दर्ज थी। कई प्रधानाध्यापक समायोजन-स्थानांतरण के बाद भी कार्यमुक्त नहीं हुए थे। कंपोजिट विद्यालय कल्लूराम का पुरवा मऊ के प्रभारी प्रधानाध्यापक राजीव कुमार को निलंबित किया है। यहां पर नामांकित 119 बच्चों में से केवल 13 उपस्थित मिले और एमडीएम रजिस्टर में संख्या बढ़ाई गई थी।
कंपोजिट विद्यालय पहाड़ी भाग दो के सहायक अध्यापक रमेशचंद्र सिंह को भी एमडीएम में बच्चों की संख्या बढ़ाने के चलते निलंबित किया गया है। इसके अलावा प्रावि सुरौंधा की प्रभारी प्रधानाध्यापक दीपिका द्विवेदी, प्रावि मटियारा का पुरवा के प्रधानाध्यापक सुशील पांडेय, प्रावि बामनपुर के प्रधानाध्यापक नवल किशोर, प्रावि बहादुरपुर की प्रधानाध्यापक सरिता देवी, उच्च प्राथमिक विद्यालय गढ़ीवा के सहायक अध्यापक नंदकिशोर भी निलंबित हुए हैं। इन पर समायोजन आदेशों की अवहेलना और स्कूल संचालन में लापरवाही का आरोप है।