चित्रकूट। गेहूं खरीद की समीक्षा बैठक में जिला खरीद अधिकारी व अपर जिलाधिकारी ने प्रगति ली। समीक्षा में जिले में सात केंद्रों पर खरीद में शिथिलता पाई। ऐसे में सभी प्रभारियों को चेतावनी नोटिस जारी किया है।
समीक्षा में एडीएम ने पाया कि अब तक 2351 किसानों से 10103 मीट्रिक टन गेहूं खरीदा गया। खाद्य विभाग, भारतीय खाद्य निगम और पीसीएफ के रामपुर कल्याणगढ़, रामनगर, परसौंझा, कर्वी मंडी, बियावल केंद्रों की खरीद की सराहना की गई। पीसीएफ के कुछ केंद्रों पर भंडारण की जगह न होने पर गोदाम व्यवस्था और अधिक ट्रक लगवाने के निर्देश दिए गए। बी पैक्स कर्वी, ऐंचवारा, सरधुवा, बरगढ़, गाहूर, इटखरी, खोही के केंद्र प्रभारियों को खरीद में रुचि न लेने के लिए चेतावनी दी गई।
अपर जिलाधिकारी ने सभी उपजिलाधिकारियों और नोडल अधिकारियों को हर शुक्रवार को क्रय केंद्रों का निरीक्षण कर रिपोर्ट देने को कहा। केंद्र प्रभारियों को किसानों को फार्मर आईडी बनवाने के लिए प्रोत्साहित करने और संबंधित तहसीलदार को सूचित करने के निर्देश भी दिए गए। बैठक में उपजिलाधिकारी सौरभ यादव, पूजा गुप्ता, जिला खाद्य विपणन अधिकारी अविनाश झा और अन्य अधिकारी उपस्थित थे। (संवाद)