अनुदेशकों ने साफ कर दिया है कि अगर कम छात्र संख्या के आधार पर उनकी सेवाएं समाप्त की गईं तो आंदोलन करेंगे। कुछ विद्यालयों के प्रधानाध्यापक साजिश के तहत छात्रों के नाम काट रहे हैं और कम छात्र संख्या बताकर अनुदेशकों पर दबाव बनाया जा रहा है।
रविवार को मुख्यालय स्थित तुलसी पार्क में उच्च प्राथमिक अनुदेशक शिक्षा वेलफेयर एसोसिएशन की बैठक हुई। जिसमें जिलाध्यक्ष श्यामसुंदर यादव ने कहा कि केंद्र सरकार से मिले आश्वासन यदि 15 जनवरी तक पूरे नहीं हुए तो ब्लाक से लेकर जिला स्तर तक विरोध प्रदर्शन किया जाएगा।
सीतापुर जिले के 44 अनुदेशकों की सेवाएं समाप्त करने का प्रयास विभाग कर रहा है। जिले के सभी अनुदेशक इसका विरोध करेंगे। महामंत्री जितेंद्र त्रिपाठी ने कहा कि कुछ प्रधानाध्यापक छात्रों के नाम काट रहे हैं। जिससे कम छात्र संख्या दिखाकर अनुदेशकों को हटाया जा सके। इसका विरोध किया जाएगा। छात्रों की एक माह बाद परीक्षा होने वाली है, ऐसे में उनका एक वर्ष खराब हो जाएगा।
बैठक में तय हुआ कि अनुदेशक मानदेय सात हजार से बढ़ाकर 25 हजार किया जाए। इसके अलावा स्वत: नवीनीकरण व्यवस्था लागू की जाए। इस मौके पर रामनारायण साहू, श्रीकेशन, दुर्गाशरण, विनोद सिंह, अशोक कुमार, रमेश, लक्ष्मी शंकर, धर्मराज यादव, धीरेंद्र, लवकुश, शिवशंकर, आशा, मंदाकिनी, संगीता, अंजली, अराधना, नीलू, गीता, रश्मि व वंदना आदि मौजूद रहीं।