चित्रकूट/मऊ/राजापुर। जिले में 10 संदिग्ध लोगों की कोरोना जांच के लिए सैंपल जिला प्रशासन ने लखनऊ भेजा है। यह सभी सैंपल जिले के अलग-अलग क्वारंटीन सेंटरों से लिए गए हैं। रविवार को 34 लोगों की रिपोर्ट निगेटिव आई है। जिसमें आठ लोगों को घर भेज दिया गया है। क्वारंटीन सेंटरों में अभी भी 82 लोग है।
जिले में 27 क्वारंटीन सेंटर बनाए गए हैं। जिसमें 15 सेंटर खाली है। 12 सेंटरों में 82 लोग पहले से क्वारंटीन हैं। इन्हीं सेंटरों में से स्वास्थ्य विभाग की टीम ने रविवार को दस संदिग्धों के सैंपल जांच को लखनऊ भेजा है। इसके पूर्व भेजे गए सैंपलों में 34 लोगों की रिपोर्ट निगेटिव आई है। अभी 24 लोगों की जांच रिपोर्ट आना शेष है। 24 और कोरोना संदिग्धों को बरगढ़ पॉलिटेक्निक क्वारंटीन स्थल में भेजा गया है। यहां पर अभी तक 62 लोग थे। शनिवार की रात 24 और करोना संदिग्धों के आने पर संख्या 86 हो गई थी। चार लोगों को रविवार को घर भेज दिया गया है।
नायब तहसीलदार जीआर वर्मा की देखरेख में कोरोना संदिग्ध लोगों को खाद्य पदार्थ, दैनिक उपभोग की वस्तुएं तथा लंच पैकेट वितरित किए हैं। ड्यूटी में तैनात प्रधानाध्यापक आलोक कुमार गर्ग, कानूनगो नसीम अहमद, लेखपाल राममिलन त्रिपाठी ने बताया कि कोरोना संदिग्धों को सामाजिक दूरी बनाए रखने को कहा है। मानिकपुर एसडीएम संगमलाल ने बताया कि चार लोगों को घर भेजा गया है। 34 अभी क्वारंटीन हैं। राजापुर एसडीएम राहुल विश्वकर्मा के अनुसार छह लोग क्वारंटाइन हैं।