संवाद न्यूज एजेंसी
चित्रकूट। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव वर्णिका शुक्ला ने सोमवार को राजकीय संप्रेक्षण गृह किशोर का निरीक्षण किया। उन्होंने कला, क्राफ्ट, संगीत व नृत्य जैसी गतिविधियों को और प्रभावी बनाने के निर्देश दिए।
सचिव ने बाल अपचारियों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं और निशुल्क अधिवक्ता सुविधा की जानकारी दी। महोबा, छतरपुर और बांदा से आए तीन बाल अपचारियों ने अधिवक्ता उपलब्ध कराने का अनुरोध किया। इस पर अधीक्षक को पत्राचार कर सुविधा उपलब्ध कराने को कहा गया।
निरीक्षण में रसोईघर की साफ-सफाई ठीक मिली, जबकि शौचालय की स्थिति असंतोषजनक पाई गई। संस्था प्रभारी को सुधार के निर्देश दिए गए। मौके पर प्रभारी बीर सिंह और काउंसलर दीपक कुमार मौजूद रहे।