चित्रकूट। शहर के एसडीएम कालोनी स्थित नमन मेडिकल स्टोर में ड्रग इंस्पेक्टर की छापेमारी के दौरान रुपये मांगने के मामले में नया मोड़ आया है। दुकान संचालिका को ऑनलाइन आवेदन में महोबा की टीम ने आकर नया लाइसेंस सौंपा। पूरे मामले की जांच कर रहे एडीएम जीपी सिंह ने ड्रग इंस्पेक्टर से पूरे मामले की लिखित जानकारी मांगी है। उधर, दुकान संचालिका ने सीज की गई दवाओं की वापसी कराने और इसकी गणना कराने का भी पत्र सौंपा है।
गौरतलब है कि 27 दिसंबर को ड्रग इंस्पेक्टर मनोज सिंह अपने वाहन चालक के साथ इस मेडिकल स्टोर गए थे और मानक की अनदेखी का आरोप लगाकर पौने दो लाख की दवाएं साथ ले जाकर सीज किया था। दवा के दो नमूने भी लिए थे। तब दुकान संचालिका ने ड्रग इंस्पेक्टर व उनके चालक पर 50 हजार रुपये मांगने और रुपये न देने पर फर्जी मामले की एफआईआर कराने की धमकी देने का आरोप लगाया था। मामला तूल पकड़ा तो व्यापार मंडल के नेताओं ने डीएम से हस्तक्षेप कर जांच कराने को कहा था। जिला उद्योग व्यापार प्रतिनिधिमंडल ने गुरुवार को डीएम को ज्ञापन देकर ड्रग इंस्पेक्टर पर कार्रवाई की मांग की है। जिलाध्यक्ष जगदीश प्रसाद गुप्ता ने कहा कि इंस्पेक्टर मनमानी कर रहे है। (संवाद)