राजापुर (चित्रकूट)। तहसील क्षेत्र के सरधुआ गांव में नए थाने की शुरुआत हो गई। बुधवार को सांसद आरके सिंह पटेल व पुलिस अधीक्षक अतुल शर्मा ने फीता काटकर इसका लोकार्पण किया। प्रवीण कुमार सिंह को थानाध्यक्ष बनाया गया। सरधुआ थानाक्षेत्र में कुल 42 गांव होंगे। 24 गांव राजापुर थानाक्षेत्र से काटकर जोड़े गए हैं।
सांसद ने कहा कि भाजपा की सरकार में कानून व्यवस्था को चुस्त दुरुस्त करने के लिए कड़े कदम उठाए जा रहे हैं। भयमुक्त समाज की स्थापना करने के लिए हर जिले में थानों की संख्या बढ़ाई जा रही है। राजापुर थाना क्षेत्र काफी बड़ा होने की वजह से अपराधी पर शिकंजा करने में देर लगती थी। अब सरधुआ थाना बनने से दोनों ही क्षेत्रों में पुलिस की सक्रियता अधिक हो जाएगी। इस मौके पर एएसपी शैलेंद्र राय, सीओ राजापुर एसपी सोनकर, प्रभारी निरीक्षक राजापुर दीपेंद्र सिंह मौजूद रहे।
ये गांव होंगे शामिल
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि राजापुर थाने से सरधुआ, लमियारी, कुचौली, बीरधुमाई सुरकी, बिलास, चिल्लीमल, चांदी, तीरधुमाई गंगू, नैनी, धौरहरा, गुरगौला, बिहरवां, बक्टा खुर्द, अमवा खुर्द, हस्ता, देवारी, सुरवल, बरद्वारा, अतरौली माफी, भदेहदू, खोंपा, सिकरी सालिस, अर्की, सुरसेन 24 गांव राजापुर थाने से काट कर सरधुआ थाने में जोड़े गए हैं। पिलखिनी, दरसेड़ा, बसहर, ममसी, गड़ौली, बसंतपुर, रामपुर, अगरहुड़ा, नहरा, भानपुर, रैपुरवा, सिधौली, ब्यौहरा, अरछा बरेठी, औदहा, मिर्जापुर, हरीसनपुर, पनौटी गांव को पहाड़ी थाना से काटकर सरधुआ थाने से जोड़ा गया है।
21 लोगों का स्टाफ
इस थाने में एक थाना प्रभारी के साथ 21 लोगों का स्टाफ है। जिसमें चार लोगों ने अभी ड्यूटी ज्वाइन नहीं की है। एसपी अतुल शर्मा ने बताया कि जल्द ही थाने में दो एसआई की तैनाती की जाएगी।
आर्म्स एक्ट का पहला मुकदमा
राजापुर। सरधुआ थानाध्यक्ष प्रवीण सिंह ने बताया कि थाने का पहला मुकदमा आर्म्स एक्ट का लिखा गया है। जिसमें टीम ने आरोपी वीरेंद्र कुमार निवासी जिला बांदा को पनौटी मोड से एक तमंचा व दो कारतूस के साथ पकड़ागया है।