सपा सरकार के तीन साल पूरे होने पर रविवार को सपाइयों ने उपलब्धि दिवस मनाया। इस अवसर पर पुरानी कोतवाली के पास हुई जनसभा में प्रदेश सरकार की उपलब्धियां गिनाई गईं और केंद्र सरकार को कोसा गया। सपाइयों ने कहा कि भाजपाई राजनीतिक चश्मा हटाकर सपा द्वारा किए गए विकास कार्यों को देखें।
सभा की अध्यक्षता करते हुए जिलाध्यक्ष भइयालाल यादव ने कहा कि सीएम अखिलेश यादव ने घोषणापत्र में किए गए सभी वादों को पूरा किया। उन्होंने सरकार की महत्वाकांक्षी योजनाओं को गिनाया। जिले में हर तरफ विकास कार्यों की झड़ी लगी है। मुख्य अतिथि सदर विधायक वीर सिंह ने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे सरकार की उपलब्धियों को गांव-गांव जाकर बताएं।
उन्होंने केंद्र की भाजपा सरकार पर प्रदेश सरकार को पर्याप्त धन उपलब्ध न कराने का आरोप लगाया। जिला पंचायत अध्यक्ष शिवशंकर लाल यादव ने कहा कि जिले में राजापुर, मानिकपुर तहसीलों का गठन, कई जगहों पर पुल, सड़कें, संपर्क मार्ग आदि का निर्माण इस बात को साबित करता है कि विकास कार्य हो रहे हैं।
मौके पर अफजल अली, पूर्व जिलाध्यक्ष गौरीशंकर मिश्र, अनुज यादव, अनिल शर्मा, गुलाब गुप्ता, मो. गुलाब खां, आमिर फारुकी, फराज खां, श्याम बिहारी यादव, जयप्रकाश पांडे, घनश्याम सिंह यादव आदि मौजूद रहे। संचालन सत्यनारायण पटेल ने किया।