चित्रकूट/पहाड़ी। राजापुर थाना क्षेत्र के जमहिल गांव के पास बाइक सवार चार युवकों ने एक अन्य बाइक सवार को रास्ते में रोककर मारा पीटा। पिटे ग्रामीण ने आरोप लगाया कि बाइक की चाभी समेत मोबाइल व एक हजार रुपये नकदी लेकर आरोपी भाग निकले। किसी तरह अन्य राहगीरों की मदद से वह गांव पहुंचा।
अशोह गांव निवासी बिष्णु कुमार मिश्रा ने बताया कि वह राजापुर में एक दुकान मेें सेल्स मैनेजर के रूप में काम करता है। सोमवार की देर शाम को पहाड़ी थाने मे दिये शिकायती पत्र में कहा कि डयूटी कर राजापुर से घर आ रहा था। तभी रास्ते मे जमहिल पुल के आगे अचानक चार लोग बाइक के सामने आ गये और तमंचा दिखा कर उसकी बाइक गिरा दिया। जान से मारने की धमकी देकर मोबाइल व पर्स छीनने लगे। वह बचने के लिए जोर जोर से चिल्लाया लेकिन मौके पर कोई नहीं आया। इसी बीच आरोपी उसका मोबाइल, बैग, बाइक की चाभी खींच कर धमकी देते हुए चले गये। बैग में लगभग एक हजार रुपये थे। पीडि़त ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर न्याय की फरियाद लगाई है। प्रभारी थानाध्यक्ष प्रभुनाथ ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। मोबाइल छीनने की बात सामने आई है अन्य सामग्री छीनने की पुष्टि नहीं हो रही है।