चित्रकूट। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र खोह की डॉक्टर के ड्यूटी से गैरहाजिर रहने के मामले में सीएमओ ने उनका नवंबर माह का वेतन रोकते हुए स्पष्टीकरण मांगा है। सही जवाब न देने पर विभागीय कार्रवाई की चेतावनी भी दी है।
गुरुवार की दोपहर एक बजे पीएचसी से डाॅ. आकांक्षा सिंह गैरहाजिर थीं। मौके पर स्टॉफ नर्स मौजूद थी। जो आने वाले मरीजों से बीमारी पूछ कर दवा दे रही थी। फॉर्मासिस्ट की अमावस्या मेला में ड्यूटी लगी होने की बात बताई गई थी। कई मरीज तो स्टॉफ नर्स से इलाज न कराने की बात कहकर 200 शैय्या वाले मातृ एवं शिशु अस्पताल में जाकर इलाज कराया था।
21 नवंबर के अंक में पीएचसी खोह में डॉक्टर गैरहाजिर, लौट रहे मरीज शीर्षक से अमर उजाला में खबर प्रकाशित की गई थी। इसका संज्ञान लेकर सीएमओ डॉ. भूपेश द्विवेदी ने पीएचसी खोह की डॉक्टर आकांक्षा सिंह का नवंबर माह का वेतन रोक दिया है। साथ ही जवाब तलब भी किया है। इसके लिए उन्हें तीन दिन में स्पष्टीकरण देने का समय दिया गया है।