भाजपा जिलाध्यक्ष को ज्ञापन सौंपते फुटकर सब्जी विक्रेता।
- फोटो : CHITRAKUTT
चित्रकूट। मुख्यालय के धुस मैदान के बाहर पटरी के फुटकर सब्जी विक्रेताओं को पुलिस ने पीट दिया। जुर्माना भी लगाया है। सब्जी विक्रेताओं ने इस मामले में भाजपा जिलाध्यक्ष के आवास पहुंचकर न्याय की गुहार लगाई है। जिलाध्यक्ष ने मदद का भरोसा दिया है।
बुधवार को धुस मैदान के बाहर पटरी पर बहादुरपुर गांव की गंगावती, डिलौरा की फूलकुमारी, तरौंहा की भगवनिया, नावघाट की लीला, कलावती, सिद्धगोपाल, शिवनारायण आदि दर्जनों महिला-पुरुष सब्जी की दुकान लगाए थे। इन्होंने आरोप लगाया कि यहां पहुंची कोतवाली पुलिस दुकानें हटाने के लिए कहने लगी। पांच- पांच सौ रुपये चालान कर दिया। रुपये न देने पर पिटाई कर दी। यह सब्जी दुकानदार जिलाध्यक्ष चंद्रप्रकाश खरे के आवास पहुंचे। इन्हें ज्ञापन सौंपा। इन्होंने बताया कि पुलिस आए दिन बर्बरता करती है। जुर्माना कर दिया जाता है। जुर्माना न देने पर पिटाई कर दी जाती है। जिलाध्यक्ष चंद्रप्रकाश खरे व सांसद प्रतिनिधि शक्तिप्रताप सिंह तोमर ने कहा कि जुल्म नहीं होने दिया जाएगा।