राजापुर(चित्रकूट)। थाना क्षेत्र के लूपलाइन के पास स्थित सराफा की दुकान से ग्राहक बनकर आये दो युवकों द्वारा साढ़े छह लाख के जेवर पार करने की घटना संदिग्ध होती जा रही है। दुकानदार ने तीन दिन बाद भी थाने में कोई तहरीर नहीं दी है। इसके बाद भी पुलिस ने कई स्थानों के सीसीटीवी फुटेज आदि सबूत एकत्र किये हैं।
सराफा दुकानदार अभिराम सोनी ने बताया कि शुक्रवार की शाम को वह खाना खाने घर आया था। उसका पुत्र अभिनव सोनी दुकान में था इसी बीच दो युवक ग्राहक बनकर आये और जेवरात देखने के बहाने साढ़े छह लाख के जेवर लेकर भाग निकले। इस घटना के बाद से पुलिस लगातार आरोपियों की तलाश कर रही है। तीन दिन बाद भी दुकानदार ने कोई तहरीर नहीं दी है ऐसे में यह घटना संदिग्ध हो गई है। थाना प्रभारी मनोज कुमार ने बताया कि इस मामले में कोई तहरीर न मिलने से जांच प्रभावित है। इसके बावजूद सीसीटीवी फुटेज आदि एकत्र कर जांच की जा रही है।