फोटो-11- पकड़ा गया डाकू बबुली कोल गैंग का सदस्य सत्यनारायण कोल
- फोटो : CHITRAKUTT
मानिकपुर (चित्रकूट)। मुठभेड़ में मारे जा चुके साढ़े छह लाख के इनामी कुख्यात डाकू बबुली कोल गैंग के एक डाकू को पुलिस ने शुक्रवार को दबोच लिया। डकैत के कब्जे से एक तमंचा व दो कारतूस भी पुलिस ने बरामद किए हैं। डकैत पर आठ मुकदमे दर्ज हैं और 2018 में जेल से छूटने के बाद से फरार चल रहा था।
एसपी अंकित मित्तल ने बताया कि मानिकपुर क्षेत्र के नागर गांव के जंगल में कुख्यात बबुली कोल गैंग के सदस्य की मौजूदगी की सूचना पर मानिकपुर पुलिस ने एसएसआई अशोक निगम की अगुवाई में जंगल की घेराबंदी शुरू की। इस बीच जंगली नाले के पास पुलिस को देख एक शख्स फायरिंग करने का प्रयास किया, लेकिन इसके पूर्व ही उसे दबोच लिया गया। बताया कि पकड़ा गया शख्स बबुली गैंग का डकैत नागर निवासी सत्यनारायण कोल पुत्र शिवमोहन है। उसके कब्जे से एक तमंचा व दो कारतूस बरामद हुए हैं।
सत्यनारायण पहले भी दस्यु संरक्षण के नाम पर दो बार जेल जा चुका है। इस पर मानिकपुर थाने में दस्यु संरक्षण, आर्म्स एक्ट समेत आठ मामले दर्ज हैं। डाकू पर कोई इनाम नहीं था। एसएसआई अशोक निगम का कहना कि दरअसल यह जेल जा चुका है और 2018 से जेल से छूटने के बाद से फरार हो गया था, इसलिए पुलिस की निगाह से बच गया था। अब जानकारी होते ही उसे दबोच लिया गया है। इनामी डाकू न होनेे के सवाल पर कोई जवाब नहीं दिया।