थाना क्षेत्र के नोनार मोड़ पर रोडवेज बस की चपेट में आने से बाइक सवार महिला की मौत हो गई। बाइक चालक को मामूली चोट आई। घटना के बाद बस थाने में खड़ी कर चालक ने पुलिस को मामले की सूचना दी। आक्रोशित लोगों ने सड़क पर सांकेतिक जाम लगाया लेकिन पुलिस ने आकर जाम खत्म करा दिया।
जानकारी के अनुसार रविवार की शाम को थाना क्षेत्र के रेंहुटा निवासी मनोरमा देवी(45) पत्नी सालिगराम अपने बहनोई के बेटे चुनकानी व दिनेश के साथ बाइक से नोनार जा रहे थे। बहनोई ब्रजमोहन ने बताया कि बाइक से गांव जाते समय जैसे ही पेट्रोल पंप के पास पहुंचे तो सामने से आई रोडवेज बस बेहद करीब से निकली। इससे मनोरमा की साड़ी का एक हिस्सा बस से चिपक गया और वह बाइक से गिर पड़ी। कुछ दूर बस के साथ घिसटती रही। इससे उसकी मौके पर मौत हो गई।
उधर बाइक भी अनियंत्रित हो गई। हालांकि इससे उसमें सवार किसी अन्य को चोट नहीं लगी। घटना देखकर चालक बस लेकर सीधे पहाड़ी थाने पहुंचा व पुलिस को घटना की जानकारी दी। घटनास्थल पर आक्रोशित ग्रामीणों ने शव रास्ते में रखकर जाम लगा दिया। थोड़ी ही देर में थानाध्यक्ष अंगद प्रताप सिंह मय फोर्स पहुंचे और ग्रामीणों को समझाकर जाम खत्म करा दिया। शव पोस्टमार्टम के लिए मुख्यालय भेजा गया है।