चित्रकूट। झांसी मिर्जापुर राष्ट्रीय राजमार्ग के भरतकूप थाना अंतर्गत पतौडा मोड़ पर रविवार की रात को रोडवेज बस व ऑटो की भिड़ंत हो गई। इसमें ऑटो चालक की मौत हो गई जबकि आठ लोग घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस तो बस लेकर चालक चित्रकूट की ओर निकल गया। घायलों ने प्राइवेट अस्पताल में इलाज कराया।
बदौसा थाना क्षेत्र के मुखूलपुरवा निवासी संतोष ने बताया कि वह गांव से सीतापुर में मार्बल लगाने का काम करने आए थे। शाम को दिवाली के लिए खरीदारी कर गांव के ऑटो चालक रामू के साथ उसकी ही ऑटो में गांव लौट रहे थे। जैसे ही रात लगभग नौ बजे हाईवे के पतौडा मोड़ पर पहुंचे तो बांदा से चित्रकूट की ओर जा रही रोडवेज बस से टक्कर हो गई। इसमें ऑटो सवार आठ लोग घायल हुए जबकि चालक रामू की मौत हो गई। सूचना पर पहुंचे थाना प्रभारी मनोज कुमार ने बताया कि सभी मामूली रूप से घायल हुए जिन्होंने प्राइवेट में इलाज कराया है। ऑटो चालक की मौत हुई है उसके परिजनों को जानकारी दी गई है। तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।