चित्रकूट। जिला मुख्यालय से राजापुर कस्बे तक 32 किमी तक सड़क की हालत कई स्थानों पर बहुत खराब है। इस सड़क से कौशांबी व फतेहपुर की सीमा भी मिलती है। इस सड़क से ही 20 से अधिक गांवों का संपर्क मार्ग है। इसकी हालत यह है कि बारिश में तो वाहन चलाना मुश्किल हो जाता है। करीब एक साल पहले पीडब्ल्यूडी की ओर से 25 लाख रुपये से मरम्मत कार्य कराया गया था, जो साल भी नहीं टिक सका। अब सड़क पर गड्ढे ही गड्ढे हैं। वाहन चालकों को काफी परेशानी होती है, लेकिन जिम्मेदारों ने अब तक इसकी सुध नहीं ली है।
इस 32 किमी की सड़क का निर्माण लोक निर्माण विभाग ने छह साल पूर्व कराया था। आज हालत यह है कि पहाड़ी कस्बा सहित लोहदा चौरा, आदि गांव तक की सड़क पूरी तरह से उखड़ गई है, जबकि इस सड़क से रोजाना एक हजार से अधिक छोटे-बडे़ वाहन निकलते हैं। सड़क खराब होने से दुर्घटनाएं भी हो रही हैं। कर्वी, राजापुर रोड में बक्टा, प्रसिद्धपुर, अर्जुनपुर बछरन, कपना, नोनार, प्रसिद्धपुर, सगवारा, जमहिल, पहाड़ी कस्बा सहित राजापुर कस्बा सहित अन्य गांव जुडे़ हुए हैं। इन गांव के निवासी इसी रोड से आते जाते हैं।
मुख्य मार्ग के पहाड़ी व कर्वी से सटे नई दुनिया के पास सड़क पर इतने गड्ढे हैं कि तेज रफ्तार में चल रहे वाहन इन गड्ढे में पलट जाते हैं। एक माह पूर्व ही नई दुनिया के पास सड़क के गड्ढे में बाइक अनियंत्रित होने गिरी थी। हादस में बाइक सवार की मौत भी हो गई थी, इसके बाद भी जिम्मेदारों ने इसकी मरम्मत कराने के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया।
-इनसेट
कई बार ग्रामीण कर चुके आंदोलन
चित्रकूट। बरूआ तीरमऊ संपर्क मार्ग कई साल से जर्जर है। बारिश होते ही सड़क तालाब बन जाती है। कीचड़ के कारण दलदल में फंसने से ग्रामीणों को आने जाने में समस्या होती है।लोकसभा चुनाव के दौरान आंदोलन भी किया गया था। इसके बाद भी समस्या का निराकरण नहीं किया। राजापुर तहसील मुख्यालय और ब्लाक रामनगर जाने के लिए बरूआ, रूपौली, रगौली, तीरमऊ समेत दर्जनों गांव के लोगों को जोड़ने वाली सड़क की हालत खस्ता है। क्षेत्र के गौरीदत्त त्रिपाठी, सुनील पांडेय, सुधीर सिंह,दीपक मिश्रा, अंशुमान पांडेय, रवि त्रिपाठी, रामबहादुर गौतम ने बताया कि इस सड़क से लगभग एक किमी पैदल चलने के बाद ही कोई साधन मिल पाते हैं। इस मार्ग से बरूवा, रूपौली, रंगौली, तीरमऊ आदि गांव पड़ते हैं ।
लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता संतोष कुमार ने बताया कि कर्वी राजापुर मार्ग को वनगमन सड़क से जोड़ दिया गया है। बहुत जल्द सड़क का निर्माण किया जाएगा। बरसात का मौसम खत्म होने के बाद इसी अक्तूबर माह में सड़क की मरम्मत का काम किया जाएगा।
फोटो 28 सीकेटीपी-1- परिचय- राजापुर बरुआ मार्ग की मुख्य सड़क की हालत जलभराव व गडढे। संवाद