चित्रकूट। अटेवा पेंशन बचाओ मंच के बैनर तले शिक्षकों ने घंटी बजाओ, पेंशन बचाओ के नारे लगाते हुए सांसद आवास के बाहर प्रदर्शन किया। सांसद को ज्ञापन देकर शिक्षा का निजीकरण न करने और पुरानी पेंशन बहाल कराने की मांग की।
रविवार को अटेवा पेंशन बचाओ मंच के बैनर तले मंडी परिसर में शिक्षक एकत्रित हुए। इसके बाद नारेबाजी करते हुए सांसद आवास पहुंचकर सांसद आरके सिंह पटेल को ज्ञापन सौपा। कहा कि प्रदेश के 15 लाख सहित देश के एक करोड़ शिक्षकों, कर्मचारियों व अधिकारियों को मिलने वाली पुरानी पेंशन योजना को समाप्त कर शोषणकारी नई पेंशन व्यवस्था लागू कर दी गई है जो न तो शिक्षकों के हित में है न ही देश व प्रदेश हित में है। अब तो एनपीएस के दुष्परिणाम भी सामने आने लगे हैं। 12 सौ, 18 सौ, 35 सौ व चार हजार तक पेंशन के रूप में वर्तमान में प्राप्त हो रही है। इससे परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इतने कम पैसे में वह अपने स्वास्थ्य व परिवार का ध्यान कैसे रखें। कहा कि देश व प्रदेश की सम्पतियों पर जनता का अधिकार है, परंतु जिस तरह सरकारी संस्थाओं का निजीकरण किया जा रहा वह किसी भी दृष्टिकोण से उचित नहीं है। बल्कि राष्ट्रीयकरण समस्या का बेहतर समाधान है। मांग किया कि पुरानी पेंशन बहाल कराते हुए निजीकरण समाप्त कराया जाए।