जिलाधिकारी नीलम अहलावत ने लक्ष्य के मुकाबले कई विभागों की राजस्व वसूली की हालत ठीक नहीं होने पर नाराजगी जताई।
उन्होंने समीक्षा बैठक में कहा कि वसूली लक्ष्य हासिल नहीं होने पर संबंधित अधिकारी पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही जिला खनिज अधिकारी पी. के सिंह को चेतावनी पत्र देने के निर्देश दिए हैं। वहीं मनोरंजन कर लिपिक कन्हैया लाल से बिना बताए मुख्यालय छोड़ने पर स्पष्टीकरण मांगा गया है।
जिलाधिकारी ने कलेक्ट्रेट स्थित सभागार में अभियोजन, मानीटरिंग सेल, खाद्य एवं औषधि प्रशासन, कानून व्यवस्था, अवैध खनन, अतिक्रमण, परिवहन, वन, विद्युत, आबकारी, मंडी समिति, आबकारी, कर करेत्तर और राजस्व कार्यों की समीक्षा की।
उन्होंने कहा कि मनोरंजन, नगर पालिका परिषद कर्वी, नगर पंचायत मानिकपुर, आबकारी, मंडी समिति, बांट-माप आदि विभागों की लक्ष्य के मुकाबले वसूली ठीक नहीं है। इन विभाग के अधिकारियों को आगाह किया कि यह अंतिम महीना है। सरकार से मिले लक्ष्य को शत-प्रतिशत करें।
राजस्व वसूली कम होने पर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने खनन का लक्ष्य कम होने पर जिला खनिज अधिकारी को चेतावनी पत्र जारी करने के निर्देश दिए हैं।
जिलाधिकारी ने कहा कि तहसीलदार, नायब तहसीलदार कार्यालय से बाहर निकलकर अमीनों को साथ लेकर लक्ष्य की शत प्रतिशत वसूली करें। वसूली के लिए वाहन उपलब्ध कराया जाएगा। शत प्रतिशत वसूली न करने पर संबंधित अधिकारी, कर्मचारी का वेतन रोका जाए और अमीनों को चार्जशीट दी जाए।
कृषि भूमि का कब्जा हटाने के बाद दुबारा कब्जा करने की शिकायत आए तो 122 बी के तहत कार्रवाई करें। वरासत दर्ज कराने का काम लेखपालों को कार्यक्षेत्र में भेजकर कराएं। बैनामा वाले प्रकरणों को लेखपाल देखें और धारा -41 के तहत मामले समयबद्ध तरीके से निपटाएं।
उन्होंने अभियोजन, खाद्य एवं औषधि प्रशासन से संबंधित बैठक में कामों में तेजी लाने के निर्देश दिए। बैठक में एसपी पवन कुमार, अपर जिलाधिकारी संतोष कुमार, उप जिलाधिकारी नरेंद्र सिंह, रमेश रंजन, अभयराज, एके श्रीवास्तव, अपर उप जिलाधिकारी सीपी उपाध्याय, शासकीय अधिवक्ता मौजूद रहे।