चित्रकूट। ठेकेदार से ग्रामीण अभियंत्रण सेवाएं विभाग के कार्यालय में रुपये लेने का वीडियो वायरल होने के बाद जिलाधिकारी के निर्देश पर आरोपी जेई के खिलाफ कोतवाली में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत रिपोर्ट दर्ज करा दी गई है।
शहर से सटे कालूपुर गांव के पास स्थित ग्रामीण अभियंत्रण सेवाएं विभाग के एक जेई रामप्रकाश अहिरवार का कार्यालय में एक ठेकेदार से रुपये लेते वीडियो वायरल हुआ। जिसमें ठेकेदार से रुपये लेते जेई साफ दिख रहे हैं। बताया गया रुपये ठेका दिलाने में मदद करने के एवज में जेई को रिश्वत दी गई है। इस मामले को गंभीरता से लेते हुए डीएम शेषमणि पांडेय ने मंगलवार तीन सदस्यीय जांच कमेटी बनाई। इसी रात को ही कमेटी की रिपोर्ट के आधार पर माना गया कि जेई रुपये लेते हुए वीडियो सही है। जिस पर डीएम ने संबंधित विभाग के अधिकारियों से आरोपी के खिलाफ कार्यवाही को कहा।
बुधवार को ग्रामीण अभियंत्रण सेवाएं विभाग के सहायक अभियंता श्रीकृष्ण जायसवाल ने कोतवाली में आरोपी जेई रामप्रकाश अहिरवार के खिलाफ तहरीर दी। कोतवाल अनिल सिंह ने बताया कि जेई के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 7, 13 (1) (डी) (1) और (2) के तहत रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।