चित्रकूट। मवेशियों को अन्ना छोड़ने वाले 17 किसानों के खिलाफ ग्राम प्रधान ने रिपोर्ट दर्ज करा दी है। आरोप है कि दूध देने वाले मवेशियों ने जब दूध देना बंद कर दिया तो ग्रामीणों ने उन्हें बेघर कर दिया। जिससे वह मवेशी आसपास के खेतों की फसल को नुकसान पहुंचा रहे हैं। सदर कोतवाली में इनके खिलाफ रिपोर्ट दर्ज हुई है।
मामला शहर से सटे चकौंध गांव का है। ग्राम प्रधान गज्जू फौजी ने बताया कि उन्होंने अन्ना मवेशियों की समस्या का समाधान कराने के लिए अस्थाई गोशाला का निर्माण कराया है। आसपास गांव व पुरवा के कुछ लोग अपने मवेशी छोड़ देते हैं। जिससे किसानों की फसल को नुकसान हो रहा है। आरोप लगाया है कि कई किसान अपने घरों के मवेशियों को छोड़ दिया है। बताया कि जबतक यह मवेशी दूध दे रहे थे तबतक इन्हें घर में पाला गया। अब इन्हें छोड़ दिया गया है। गांव के ऐसे 17 के खिलाफ कोतवाली में तहरीर दी गई है।
कोतवाल अनिल सिंह ने बताया कि चकौंध प्रधान की तहरीर पर किसान कोदूराम, माताबदल, ओमप्रकाश, बासदेव, राजाराम, करैला, भगवानदास, सूरिजपाल, घसिला, बाबूलाल, शंकरलाल, नत्थू, कमलेश, मेड़वा, सत्येंद्र, राजबहादुर व संतन के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है। इस मामले में नामजद किसानों ने रिपोर्ट दर्ज होने की जानकारी से इंकार किया है। इसकी शिकायत उच्चाधिकारियों से की जाएगी।