खोही (चित्रकूट)। गंगा दशहरा के अवसर पर धर्मनगरी में विभिन्न धार्मिक व सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन होगा। इन आयोजनों में मां मंदाकिनी में स्नान, गंगा आरती, भजन-कीर्तन और शोभायात्राएं शामिल होंगी।
रामघाट पर श्रद्धालु मां मंदाकिनी में विशेष स्नान करेंगे, जिसके बाद गंगा आरती, दीपदान और भजन-कीर्तन होगा। कामदगिरि परिक्रमा मार्ग पर श्रद्धालुओं द्वारा परिक्रमा की जाएगी और धार्मिक आयोजन होंगे। भरतघाट और जानकीकुंड में पूजा-अर्चना, संत प्रवचन तथा भंडारे आयोजित किए जाएंगे। कामतानाथ मंदिर और बूढ़े हनुमान मंदिर सहित प्रमुख मंदिरों में सुंदरकांड, भजन संध्या और कथा कार्यक्रमों का आयोजन होगा। नगर क्षेत्र में सामाजिक और धार्मिक संस्थाओं द्वारा कलश यात्राएं और धार्मिक झांकियां निकाली जाएंगी। प्रशासन ने श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए सुरक्षा, साफ-सफाई और पेयजल की विशेष व्यवस्थाएं की हैं। (संवाद )